Jamshedpur : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 26 फरवरी को जमशेदपुर दौरे को लेकर तैयारी जोर-शोर से चल रही है। मंगलवार को सेना के हेलीकॉप्टर की सोनारी एयरपोर्ट पर लैंडिंग कराई गई। हेलीकॉप्टर की लैंडिंग का यह रिहर्सल था। इस मौके पर एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही। इसके अलावा, डीसी और एसएसपी ने कार्यक्रम स्थल के अलावा एयरपोर्ट और रूट लाइन का निरीक्षण किया। एयरपोर्ट से राष्ट्रपति के कॉरकेड का रिहर्सल भी किया गया। यह कॉरकेड कदमा के मरीन ड्राइव किनारे स्थित कार्यक्रम स्थल के अलावा मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज तक गया और देखा गया कि राष्ट्रपति की कारों का काफिला कार्यक्रम स्थल पर कैसे पहुंचता है और फिर वहां से उतर कर राष्ट्रपति मंच की तरफ किस रास्ते से जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के अलावा मंच निर्माण, अतिथि दीर्घा, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग, मीडिया प्रबंधन, पेय जल, विद्युत आपूर्ति, अग्निशमन व्यवस्था आदि का भी जायजा लिया गया।
डीसी और एसएसपी ने सोनारी एयरपोर्ट पर व्यवस्था का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक रूट लाइन कभी जायजा लिया। इस दौरान ट्रैफिक डायवर्जन, वैकल्पिक मार्ग, बैरीकेडिंग और सुरक्षा बलों की जगह-जगह तैनाती पर भी मंथन हुआ।
सुरक्षा मानकों के अनुरूप कॉरकेड रिहर्सल भी कराया गया। डीसी ने कहा कि राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पक्ष हिफाजती बंदोबस्त किए जा रहे हैं और तैयारी अंतिम चरण में है।
इसके बाद, डीसी और एसएसपी ने राष्ट्रपति के दौरे को लेकर तैनात किए गए। मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी और पुलिस बलों को ब्रीफ भी किया। उन्हें कार्यक्रम प्रबंधन के बारे में बताया गया कि किस तरह राष्ट्रपति के कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराया जाएगा। यह ब्रीफिंग जेआरडी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में हुई। गौरतलब है कि राष्ट्रपति का उच्चतम प्रोटोकॉल होता है। इसी के अनुरूप सारे प्रबंध किए जा रहे हैं। डीसी ने कहा कि किसी स्तर पर चूक नहीं होनी चाहिए। कार्यक्रम स्थल, रूट लाइन, हेलीपैड, सभा स्थल और पार्किंग की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी। इसके अलावा, इमरजेंसी व्यवस्थाओं को सकुशल संपन्न कराना है। इसके लिए, विस्तृत समीक्षा भी की गई। डीसी ने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी व्यवस्था की अंतिम जांच कर लें। एसपी ने कहा कि राष्ट्रपति की सुरक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की खामी स्वीकार्य नहीं होगी। सभी पुलिस अधिकारी प्रोटोकॉल के अनुरूप अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
एसएसपी ने रूट लाइन क्लीयरेंस, एंटी सॉबूटाज चेकिंग, सीसीटीवी निगरानी, ट्रैफिक और रूट डायवर्जन, पास व्यवस्था और इंटेलिजेंस इनपुट को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया। साथ ही यह भी कहा कि पुलिस बल निर्धारित ड्रेस कोड और प्रोटोकॉल का जरूर पालन करें। आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम, क्विक रिस्पांस टीम, मेडिकल क्विक रिस्पांस टीम और मेडिकल इमरजेंसी यूनिट पूरी तरह सक्रिय रहेगी। आम नागरिकों को कम से कम असुविधा हो इसके लिए ट्रैफिक प्रबंधन और वैकल्पिक रास्तों की जानकारी मीडिया के जरिए जरूर सार्वजनिक की जाए।
रांची में भी सुरक्षा व्यवस्था हुई टाइट
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 26 फरवरी को प्रस्तावित एकदिवसीय झारखंड दौरे को लेकर राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राष्ट्रपति के आगमन और प्रस्थान के मद्देनज़र प्रशासन ने एयरपोर्ट क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। रांची पहुंचने के बाद राष्ट्रपति जमशेदपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में भी शामिल होंगी।
एयरपोर्ट के आसपास नहीं उड़ाए जा सकेंगे ड्रोन
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए रांची सदर अनुमंडल दंडाधिकारी ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएसएस) की धारा-163 के तहत आदेश जारी किया है। इसके तहत बिरसा मुंडा एयरपोर्ट की पूरी परिधि को ‘नो फ्लाई जोन’ घोषित किया गया है। इस अवधि में ड्रोन, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून समेत सभी प्रकार के मानवरहित और हल्के विमानों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार यह निषेधाज्ञा 26 फरवरी को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी। आदेश के तहत एयरपोर्ट क्षेत्र और उसके ऊपर किसी भी प्रकार की हवाई गतिविधि पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर रांची पुलिस और जिला प्रशासन ने बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। एयरपोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित गतिविधि से दूर रहें, ताकि राष्ट्रपति का दौरा शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।

