चक्रधरपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल में चिकित्सा सुविधाओं के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। सोमवार को चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल में रेल जीएम अनिल कुमार मिश्रा ने अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का उद्घाटन किया। नारियल फोड़कर, शिलापट्ट का अनावरण और फीता काटकर इस नई सुविधा की शुरुआत की गई। उद्घाटन के बाद जीएम ने ऑपरेशन थिएटर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध आधुनिक उपकरणों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
रेलवे स्टेशन पर नवीनीकृत वीआईपी लाउंज का भी हुआ उद्घाटन
इस मौके पर डॉ अंजना मल्होत्रा, डीआरएम तरुण हुरिया, डॉ एसके मिश्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इससे पहले रेलवे स्टेशन पर जीएम का भव्य स्वागत किया गया, जहां उन्होंने नवीनीकृत वीआईपी लाउंज का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर जीएम अनिल कुमार मिश्रा ने कहा कि चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल लगातार बेहतर चिकित्सा सेवाएं दे रहा है और छोटे शहर में ऐसी अत्याधुनिक सुविधा का होना गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर क्षेत्र के मरीजों को सुरक्षित और उन्नत सर्जिकल सुविधा उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होगा।
ऑपरेशन थिएटर में मरीजों को मिलेगा संक्रमण रहित वातावरण
वहीं डॉ अंजना मल्होत्रा ने इसे एक सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि पुराने ऑपरेशन थिएटर को आधुनिक रूप देने से मरीजों को बेहतर इलाज मिलेगा। डॉ एसके मिश्रा ने बताया कि इस मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर की सबसे बड़ी विशेषता संक्रमण रहित वातावरण है, जहां आधुनिक मशीनों और तकनीक के माध्यम से मरीजों को सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता वाली सर्जिकल सुविधा प्रदान की जाएगी।

