रामगढ़ : रामगढ़ में 23 फरवरी को प्रस्तावित नगरपालिका आम निर्वाचन को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को जिला प्रशासन की निगरानी में 98 मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया।

मतदानकर्मियों को बैलेट पेपर और बैलेट बॉक्स सहित चुनाव सामग्री रामगढ़ कॉलेज परिसर में बनाए गए स्ट्रांग रूम से वितरित की गई। पूरे प्रक्रिया की निगरानी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में की गई।

प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में वितरण
चुनाव सामग्री वितरण के दौरान उपायुक्त (डीसी) फैज अक अहमद मुमताज, पुलिस अधीक्षक (एसपी) अजय कुमार, जिला विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल और अनुमंडल पदाधिकारी अनुराग कुमार तिवारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मतदानकर्मियों को चुनाव आयोग के प्रावधानों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी मतदान केंद्रों पर निर्धारित समय पर मतदान प्रारंभ कराया जाए और किसी भी परिस्थिति में निष्पक्षता से समझौता न हो। उन्होंने मतदान समाप्ति के बाद सभी प्रपत्रों और दस्तावेजों को सावधानीपूर्वक भरने तथा कोई भी औपचारिकता अधूरी न छोड़ने पर विशेष बल दिया।
सुरक्षा व्यवस्था और संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी
जिले के कुल 98 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक पोलिंग पार्टी के साथ पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों की पहचान कर विशेष निगरानी की व्यवस्था की है, ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे। एसपी ने सुरक्षा बलों को निर्देश दिया है कि मतदान के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या अनियमितता पर त्वरित कार्रवाई की जाए। प्रशासन का उद्देश्य शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में मतदान सुनिश्चित करना है।
मतदाताओं से निर्भीक मतदान की अपील
जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। अधिकारियों ने भरोसा जताया है कि सभी मतदान केंद्रों पर पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न कराया जाएगा।

