RANCHI: रांची नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड स्थित झिरी में दो महत्वपूर्ण परियोजनाएं चल रही है। जिसमें 33 एकड़ क्षेत्र में 18 लाख मीट्रिक टन लीगेसी वेस्ट के निष्पादन का कार्य चल रहा है। वहीं दूसरी ओर गेल इंडिया लिमिटेड द्वारा 150 मीट्रिक टन क्षमता वाले दो सीबीजी प्लांट लगाए जा रहे है। जिसमें एक प्लांट से कचरे से कंप्रेस्ड बायो गैस का उत्पादन भी किया जा रहा है।
सोमवार को अपर प्रशासक संजय कुमार ने नगर निगम की टीम के साथ झिरी का निरीक्षण किया। इस दौरान मेसर्स गुरु रामदास कंस्ट्रक्शन के प्रतिनिधियों ने बताया कि अब तक लगभग 3.25 लाख मीट्रिक टन कचरे का निष्पादन किया जा चुका है। इस प्रक्रिया से आरडीएफ, बायो-सॉइल तथा इनर्ट सामग्री तैयार की जा रही है। अपर प्रशासक ने एजेंसी को कार्य में तेजी लाने, निष्क्रिय मशीनों को पुनः चालू करने तथा निर्धारित समयावधि में लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया।
जोंटा को दी चेतावनी
साथ ही मेसर्स जोंटा एजेंसी को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि खाली किए गए स्थलों पर पुनः कचरा डंप न किया जाए। इंजीनियरिंग शाखा को यह भी निर्देशित किया गया कि कचरे के सुगम परिवहन हेतु पाथवे निर्माण का प्रस्ताव तैयार करें जिससे कि जोंटा के कॉम्पैक्टर वाहनों द्वारा कचरे को सहजता से डंप साइट तक पहुंचाया जा सके।
सीबीजी प्लांट के लिए टीम गठित
गेल इंडिया द्वारा स्थापित सीबीजी प्लांट का निरीक्षण करते हुए अपर प्रशासक ने नगर निगम स्तर पर एक तकनीकी टीम गठित करने का निर्देश दिया, जो वेस्ट की गुणवत्ता और मात्रा की जांच करेगी। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में निगम द्वारा प्रतिदिन लगभग 55 मीट्रिक टन गीला कचरा गेल को उपलब्ध कराया जा रहा है। अपर प्रशासक ने गीले कचरे की आपूर्ति बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। अपर प्रशासक ने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने घरों, भवनों और प्रतिष्ठानों में गीला व सूखा कचरा अलग-अलग रखें। स्रोत पर कचरे का पृथक्करण करें और इसे अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।
रन फॉर झारखंड की तैयारी का लिया जायजा
झारखण्ड राज्य के 25वें स्थापना दिवस के अवसर पर 11 से 16 नवम्बर तक शहर भर में विविध सांस्कृतिक और जनसहभागिता आधारित गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में 11 नवम्बर को आयोजित होने वाले रन फॉर झारखंड कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए रांची नगर निगम द्वारा निर्धारित मार्ग और संपर्क पथों की विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। अपर प्रशासक ने मेन रोड और संबंधित मार्गों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों और सुपरवाइजर को सर्वोच्च स्तर की स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ पेयजल और चलंत शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था करने का निर्देश दिया। अपर प्रशासक ने यह भी निर्देश दिया कि पूरे मार्ग पर जल छिड़काव के साथ-साथ मैकेनिकल स्वीपिंग मशीन से सफाई की जाए। साथ ही इनफोर्समेंट टीम को पूरे मार्ग को अतिक्रमण मुक्त रखने हेतु विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों, ऑटो, टोटो व चारपहिया वाहनों को मार्ग में नो-एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

