VIVEK SHARMA
रांची: रांची शहर के दिल में स्थित ऐतिहासिक बड़ा तालाब (स्वामी विवेकानंद सरोवर) को अब एक अत्याधुनिक टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। रांची नगर निगम (RMC) इस तालाब को न केवल शहरवासियों के लिए एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में तैयार करने जा रहा है, बल्कि इसे पर्यावरण के लिहाज से भी साफ और सुरक्षित बनाने की दिशा में ठोस कदम उठा रहा है। नगर निगम की योजना के तहत तालाब की पूरी सफाई के लिए अब हाईटेक मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा। इन मशीनों की खरीद प्रक्रिया शुरू की जा रही है, जो पारंपरिक सफाई विधियों की तुलना में ज्यादा प्रभावी और समयबद्ध तरीके से काम करेंगी। तालाब की सफाई पहले भी कराई गई थी और ‘ई-बॉल’ जैसी आधुनिक तकनीकों से पानी के रंग और गुणवत्ता में कुछ बदलाव देखा गया था, लेकिन अब यह सफाई और अधिक गहराई से की जाएगी।
तालाब के पानी सफाई पर विशेष जोर
नगर निगम की यह योजना सिर्फ सतही सफाई तक सीमित नहीं है। तालाब के पानी को शुद्ध रखने के लिए एक विशेष जल शुद्धिकरण योजना भी तैयार की जा रही है। इसके अंतर्गत आधुनिक वाटर ट्रीटमेंट सिस्टम लगाया लगाया गया है जो जल में मौजूद हानिकारक तत्वों को हटाकर उसे साफ कर रहा है। इसके साथ ही तालाब से जुड़े सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट को भी अपग्रेड किया जाएगा ताकि गंदा पानी तालाब में न पहुंचे।
एडवेंचर स्पोर्ट्स शुरू करने की योजना
नगर निगम की योजना बड़ा तालाब के सिर्फ पर्यावरण सुधार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे एक पर्यटन और मनोरंजन केंद्र के रूप में विकसित करने का भी लक्ष्य है। तालाब में एडवेंचर स्पोर्ट्स गतिविधियों जैसे बोटिंग शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए तालाब के किनारों को भी सुंदर और सुरक्षित तरीके से विकसित किया जाएगा ताकि पर्यटक और स्थानीय लोग यहां आकर प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ रोमांच का भी अनुभव कर सकें।
रोजगार के भी बढ़ेंगे अवसर
बड़ा तालाब के इस कायाकल्प से स्थानीय लोगों को भी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। पर्यटक बढ़ेंगे तो स्थानीय दुकानदारों, गाइड, बोट ऑपरेटर और खानपान का कारोबार करने वालों को लाभ मिलेगा। साथ ही, यह योजना रांची की सुंदरता को बढ़ाने और शहर को पर्यटन मानचित्र पर लाने में सहायक होगी।
पहले की कोशिशों से लिया सबक
अपर प्रशासक संजय कुमार ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब बड़ा तालाब की सफाई की बात की जा रही है। पूर्व में भी कई बार इस दिशा में प्रयास किए गए हैं। लेकिन अब इसके स्थाई समाधान के लिए हम काम कर रहे हैं। अब निगम द्वारा बनाई जा रही यह योजना दीर्घकालिक सोच के साथ तैयार की जा रही है। जिसमें तकनीक, पर्यावरणीय संतुलन और पर्यटन विकास तीनों को एक साथ शामिल किया गया है।

