पलामू : झारखंड में पलामू में शहर थाना क्षेत्र के रेड़मा स्थित रांची रोड पानी टंकी के पास एक गोदाम में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। आग की लपटें देखते ही देखते पूरे गोदाम में फैल गईं, जिससे आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोदाम से घना धुआं उठता देख स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग की वजह से गोदाम में रखे बिजली के उपकरण, वायरिंग के सामान और अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
Read Also- Palamu Road Accident : सड़क दुर्घटना में छह वर्षीय बच्ची की मौत, पति-पत्नी समेत तीन घायल

