Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को झारखंड मंत्रालय स्थित प्रोजेक्ट भवन से महिला एवं बाल विकास विभाग के विभिन्न पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इस अवसर पर राज्यभर से चयनित महिला अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया है और कार्यक्रम को भव्य रूप देने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
जानकारी के अनुसार, झारखंड लोक सेवा आयोग की अनुशंसा पर चयनित 63 महिला बाल विकास पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। वहीं, झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की ओर से चयनित महिला पर्यवेक्षिकाओं में से 247 अभ्यर्थियों को भी इस समारोह में नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इस प्रकार कुल 310 अभ्यर्थियों को कल नियुक्ति की सौगात मिलेगी।
66 महिला सुपरवाइजर को नहीं मिलेगा नियुक्ति पत्र
हालांकि, 313 में से शेष 66 महिला सुपरवाइजर को अभी नियुक्ति पत्र नहीं दिया जा सकेगा। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, इन अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों के सत्यापन की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हो पाई है। कुछ दस्तावेजों में त्रुटियां या कमियां पाई गई हैं, जिन्हें दुरुस्त करने के बाद ही नियुक्ति पत्र जारी किया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रक्रिया पूरी होते ही इन अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति प्रदान कर दी जाएगी।
सरकार के इस कदम को महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग में लंबे समय से रिक्त पदों के कारण योजनाओं के क्रियान्वयन में दिक्कतें आ रही थीं। नई नियुक्तियों से न केवल विभागीय कार्यों में तेजी आएगी, बल्कि जमीनी स्तर पर पोषण, बाल संरक्षण और महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं का बेहतर संचालन भी सुनिश्चित होगा।
समारोह के बाद सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को राज्य के विभिन्न जिलों में पदस्थापित किया जाएगा। इससे आंगनबाड़ी सेवाओं की निगरानी और संचालन में मजबूती आएगी और लाभुकों तक योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा।

