जमशेदपुर : अगर आप टाटानगर जक्शन से यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में चल रहे तकनीकी कार्यों के चलते कई ट्रेनों के संचालन में बड़ा बदलाव किया गया है। नतीजतन, आने वाले दिनों में कई प्रमुख रेलगाड़ियां रद्द रहेंगी, कुछ के रूट बदल दिए गए हैं, तो कुछ को आंशिक रूप से चलाया जाएगा, जिससे हजारों यात्रियों की परेशानी बढ़ना तय माना जा रहा है। इस बात की जानकारी दक्षिण पूर्व रेलवे की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में दी गई है।
किन ट्रेनों पर पड़ा असर
टाटानगर से जुड़ी कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को अलग-अलग तिथियों में रद्द, आंशिक रूप से संचालित या मार्ग परिवर्तित किया गया है। टाटानगर-हटिया रेलगाड़ी को 21 और 23 अप्रैल 2026 को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। वहीं 22 और 25 अप्रैल को यह ट्रेन परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएगी। अब यह ट्रेन चांडिल, गुंडा बिहार और मुरी होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेगी। इससे बीच के स्टेशनों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
मेमू ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित
टाटानगर से आसनसोल के बीच चलने वाली मेमू यात्री ट्रेन को भी आंशिक रूप से चलाने का निर्णय लिया गया है। 20, 21 और 23 अप्रैल को यह ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग के बजाय केवल आद्रा तक ही संचालित होगी। इस बदलाव के कारण टाटानगर से आगे यात्रा करने वाले यात्रियों को बीच में उतरकर अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ेगा, जिससे उनकी यात्रा प्रभावित होगी।
कई रूट की ट्रेनें रहेंगी रद्द
रेलवे ने मिदनापुर, भोजुडीह, चंद्रपुरा, झाड़ग्राम और पुरुलिया मार्ग की कई मेमू ट्रेनों को भी अलग-अलग तिथियों में रद्द किया है। ये ट्रेनें 21, 23, 24 और 26 अप्रैल को निर्धारित समय पर नहीं चलेंगी। इससे दैनिक यात्रियों और कामकाजी लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी होने की संभावना है, क्योंकि ये ट्रेनें उनके रोजमर्रा के आवागमन का मुख्य साधन हैं।
आद्रा मंडल में मेंटेनेंस कार्य बना कारण
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन सभी बदलावों का मुख्य कारण पटरियों का रखरखाव और अन्य तकनीकी कार्य हैं। यह कार्य रेल संचालन को सुरक्षित और सुचारु बनाने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं। रेलवे का कहना है कि इस अस्थायी असुविधा के बाद भविष्य में यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सेवाएं मिल सकेंगी।
यात्रियों के लिए रेलवे की अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
Read Also- Chaibasa News : गुवा में शुरू हो गया चक्का जाम आंदोलन, रोजगार की मांग पर खदान क्षेत्र पूरी तरह ठप

