RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची के बुंडू थाना क्षेत्र से पेड़ पर लटका युवक और युवती का शव सोमवार को बरामद किया गया हैं। घटना माझी टोला स्थित पगला बाबा मैदान के पास की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने जब दोनों शवों को पेड़ पर लटका देखा, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अब तक दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या फिर हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने जिले भर के थानों को भी सूचना भेज दी है कि कहीं युवक-युवती के लापता होने की सनहा दर्ज तो नहीं की गई है।

