RANCHI: राजधानी रांची में चेन छिनतई की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। शनिवार को नामकुम प्रखंड के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के चतरा साकेत नगर में बाइक सवार अपराधियों ने एक 60 वर्षीय महिला को अपना निशाना बनाया। पीड़िता की पहचान सावित्री गिरी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सुबह सावित्री गिरी घर से दूध लेने निकली थीं। इसी दौरान उनके घर के पास पहले से घूम रहे बाइक सवार दो युवक अचानक उनके पास पहुंचे और गले की सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग वहां इकट्ठा हो गए, लेकिन तब तक अपराधी भाग चुके थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में आए दिन छिनतई और चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अपराधियों पर काबू पाने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। घटना घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद पीड़िता द्वारा टाटीसिलवे थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

