RANCHI: जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त चार युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से कुल 4.55 ग्राम ब्राउन शुगर और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रांची एसएसपी राकेश रंजन को सदर थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर के एक सक्रिय नेटवर्क की गुप्त सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर सदर डीएसपी संजीव बेसरा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने सदर थाना क्षेत्र के गुमला पेट्रोल पंप, बूटी मोड़ के पास छापेमारी कर विशाल कुमार कसेरा और सन्नी कुमार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से सिल्वर फॉइल में लिपटी ब्राउन शुगर की सात पुड़िया बरामद की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ब्राउन शुगर फर्स्ट मार्केट गली में रहने वाले दो युवकों से खरीदते हैं। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने फर्स्ट मार्केट गली स्थित एक मकान में छापेमारी कर चंदन कुमार और कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया। उनके पास से भी ब्राउन शुगर पुलिस को मिला। दोनों आरोपी हजारीबाग जिले के ईचाक थाना क्षेत्र के निवासी हैं और रांची में किराए के मकान में रह रहे थे।
READ ALSO: RANCHI NEWS: जलस्रोतों को कैसे बचाएगा नगर निगम, हाई कोर्ट ने अतिक्रमण हटाने का दिया है आदेश

