Ranchi (Jharkhand) : रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की दोपहर एक बड़ी लूट की घटना सामने आई। बाइक पर सवार दो अपराधियों ने चलती ई-रिक्शा में बैठे एक व्यक्ति से रुपयों से भरा बैग छीन लिया और पलक झपकते ही फरार हो गए। बैग में एक लाख 30 हजार रुपये थे। भीड़-भाड़ वाला इलाका होने के बावजूद अपराधी कुछ ही सेकंड में ओझल हो गए।

कोकर के बैंक से निकालकर लौट रहा था पैसा
लूट का शिकार हुए व्यक्ति का नाम फिलोमोन बा है, जो कोकर स्थित पाहन टोली निवासी हैं। वह बैंक ऑफ इंडिया की कोकर शाखा से 1.30 लाख रुपये निकालकर ई-रिक्शा से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही ई-रिक्शा लालपुर थाना के पास पहुंचा, बाइक पर सवार अपराधियों ने ई-रिक्शा को ओवरटेक किया और अचानक झपट्टा मारकर फिलोमोन बा के हाथ से बैग छीन लिया। अपराधियों ने घटना को इतनी तेजी से अंजाम दिया कि न पीड़ित कुछ समझ पाया और न ही आसपास मौजूद लोग प्रतिक्रिया दे सके। बिना नंबर की बाइक पर सवार आरोपी तेज रफ्तार में सीधे भीड़ वाले रास्ते में घुसते हुए फरार हो गए।
पुलिस मौके पर पहुंची, सीसीटीवी की पड़ताल शुरू
छिनतई की जानकारी मिलते ही लालपुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित से पूरा बयान लिया। पुलिस को आशंका है कि अपराधी बैंक से ही फिलोमोन का पीछा करते हुए आए थे और मौके की तलाश में थे।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक और अपराधियों की पहचान की जा सके। थानेदार का कहना है कि घटनास्थल के आस-पास और कोकर बैंक के मार्ग पर लगे कैमरों की जांच की जा रही है, जल्दी ही सुराग मिलने की उम्मीद है।

