RANCHI (JHARKHAND): समाहरणालय में मंगलवार को एक विशेष समारोह के दौरान उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने 251 नवचयनित चौकीदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देशों के तहत पूरी पारदर्शिता के साथ ये प्रक्रिया सम्पन्न कराई गई। उपायुक्त ने चौकीदारों को बधाई देते हुए कहा कि यह नियुक्ति समाज सेवा के एक महान अवसर के रूप में है। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति पूरी तरह नियमों के तहत की गई है। अब यह आप सभी की जिम्मेदारी है कि पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
नशा से दूर रहने का संदेश
उपायुक्त ने नशे के खिलाफ सख्त संदेश देते हुए चौकीदारों से खैनी, तंबाकू, शराब और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा सिर्फ आपके शरीर को नहीं, आपके सामाजिक और आर्थिक जीवन को भी प्रभावित करता है। इस सेवा में बने रहने के लिए संयम और अनुशासन जरूरी है।
अफीम और ड्रग्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
उपायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि गैरकानूनी गतिविधियों, विशेषकर अफीम की खेती और ड्रग्स तस्करी के खिलाफ प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति है। उन्होंने चौकीदारों को अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि चौकीदारों की भूमिका गांवों और समुदायों में शांति के साथ सुरक्षा बनाए रखने के लिए अहम है। उन्होंने नवचयनित कर्मियों से अपील की कि वे अपने कार्यों को पूरी जिम्मेदारी और संजीदगी से निभाएं। जिससे राज्य और समाज का समग्र विकास संभव हो सके। पुलिस अधिकारियों ने भी नवचयनित अभ्यर्थियों को कर्तव्य पालन में ईमानदारी, अनुशासन और तत्परता बनाए रखने की सलाह दी।
इनकी रही मौजूदगी
अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची उत्कर्ष कुमार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रवीण पुष्कर, पुलिस अधीक्षक शहर अजीत कुमार, प्रभारी उप समाहर्ता बिवेक सुमन, जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय तथा सर्जेट मेजर आनंद खलखो भी उपस्थित थे।

