RANCHI: झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित मद्य निषेध एवं उत्पाद (आबकारी) विभाग की भर्ती परीक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। तमाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत रड़गांव के एक भवन में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान मौके से 100 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हिरासत में लिए गए सभी युवक-युवतियां उत्पाद विभाग की परीक्षा देने के लिए आए थे।
पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान अभ्यर्थियों के मोबाइल फोन, दस्तावेज और अन्य सामग्री भी जब्त कर ली गई है, जिनकी जांच की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि परीक्षा में गड़बड़ी या पेपर लीक से जुड़ा कोई नेटवर्क सक्रिय हो सकता है।
फिलहाल पुलिस सभी डिटेन किए गए लोगों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। इस घटना ने परीक्षा की पारदर्शिता पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

