RANCHI: रांची के विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित झारखंड हाईकोर्ट के पास गुरुवार देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक कार और ऑटो के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। हादसे के समय दोनों वाहनों में सवार लोग अंदर फंस गए थे, लेकिन पुलिस और स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए सभी को बाहर निकाल लिया। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकलकर्मियों के अनुसार, दोनों वाहन सीएनजी से चलने वाले थे, जिससे टक्कर के बाद आग तेजी से फैल गई। हादसे के कारण कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी और लंबा जाम लग गया। बाद में पुलिस ने जेसीबी की मदद से जले वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया।

