RANCHI: राजधानी के कांके थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े इंटरस्टेट ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक दंपती को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवाजी पाटिल और एंजेला कुजूर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार ये दंपती कम ब्याज और कम प्रोसेसिंग फीस पर बड़े अमाउंट का लोन दिलाने का झांसा देकर कारोबारियों के साथ आम लोगों से मोटी रकम ऐंठता था।

70 लाख की रांची में ठगी
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने रांची में ही करीब 70 लाख रुपये की ठगी की घटना को अंजाम दिया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि दंपती का ठगी नेटवर्क केवल झारखंड तक सीमित नहीं था, बल्कि ओडिशा सहित कई अन्य राज्यों में भी इसी तरह की ठगी की गई है। ओडिशा में एक व्यवसायी से जुड़े मामले में लगभग 42 लाख रुपये की ठगी की पुष्टि हुई है। इस वजह से ओडिशा पुलिस भी आरोपियों की तलाश कर रही थी।
नाम बदलकर करते थे ट्रांजैक्शन
ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपियों ने अलग-अलग नामों और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर कई फर्जी कंपनियों व खातों के जरिए लेन-देन किया। फिलहाल पुलिस उनके बैंक खातों, संपत्तियों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की गहन जांच कर रही है। जिससे कि यह पता लगाया जा सके कि कुल कितनी राशि की ठगी की गई। साथ ही ये भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं। रांची पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की जानकारी ओडिशा पुलिस को भी दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में ठगी से जुड़े और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

