RANCHI: रांची नगर निगम शहर के लोगों और ट्रांजिट यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और स्वच्छ परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में वार्ड संख्या–33 स्थित आईटीआई बस स्टैंड का औचक निरीक्षण प्रशासक सुशांत गौरव ने किया। इस दौरान वहां पर निगम का बुलडोजर भी चला। जहां अतिक्रमण को हटाया गया। यह बस स्टैंड लगभग 4 एकड़ 22 डिसमिल में फैला हुआ है। राज्य सरकार की पहल पर इसके जीर्णोद्धार एवं आधुनिक विकास की योजना प्रस्तावित है।
मूलभूत सुविधाओं का किया अवलोकन
निरीक्षण के दौरान प्रशासक ने बस स्टैंड परिसर में मौजूद अतिक्रमण, साफ-सफाई, शौचालय, आश्रय गृह, पार्किंग व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं का गहन अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ट्रांजिट यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रियों को निर्बाध आवागमन, बेहतर प्रतीक्षालय, सुलभ शौचालय और सुव्यवस्थित पार्किंग उपलब्ध कराना अनिवार्य है।
जब्त किया गया सामान
निरीक्षण के क्रम में बस स्टैंड परिसर में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण पाया गया। इस पर प्रशासक ने तत्काल निर्देश देते हुए मात्र एक घंटे के भीतर पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण-मुक्त करने का आदेश दिया। निर्देश के अनुपालन में नगर निगम की टीम द्वारा व्यापक अभियान चलाया गया। जिसमें अस्थायी ढांचे, ठेला, खोमचा, गुमटी, अवैध दुकानें और अन्य बाधक सामग्रियों को हटाते हुए जब्त किया गया। अभियान के बाद बस स्टैंड परिसर को पूरी तरह साफ और सुव्यवस्थित किया गया।
प्रशासक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सीएंडडी वेस्ट से समतलीकरण, गड्ढों की भराई, नियमित सफाई अभियान, पुराने आश्रय गृह का स्थानांतरण, बायो टॉयलेट व शौचालयों की बेहतर देखरेख के अलावा वेंडिंग जोन और पैदल पथ के लिए व्यवस्थित योजना शीघ्र तैयार की जाए।
READ ALSO: JHARKHAND IAS NEWS: भारतीय प्रशासनिक सेवा के कई अफसरों को मिली प्रोन्नति, अधिसूचना जारी

