RANCHI: रांची के कांके थाना क्षेत्र स्थित सुकुरहुटू गांव में गुरुवार को एक बुजुर्ग व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, लोगों में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान राजेंद्र मुंडा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कांके थाना की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जमीन विवाद को लेकर हत्या की आशंका
पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। हालांकि प्रारंभिक जानकारी के आधार पर जमीन विवाद को घटना का कारण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि राजेंद्र मुंडा का जमीन को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार इससे पहले भी कांके क्षेत्र में जमीन को लेकर मारपीट की घटना सामने आ चुकी है। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते बुजुर्ग की हत्या की गई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। वहीं घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच भय और आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है।

