Ranchi Station Road Incident : रांची : रांची में किन्नरों का उपद्रव थम नहीं रहा है। लगातार सख्ती के बावजूद किन्नरों का समूह पुलिस पर हावी नजर आ रहा है। कचहरी चौक के पास किन्नरों के साथ शराब पीने के बाद विवाद, हिट एंड रन, अपहरण और पुलिस को कुचलने के प्रयास के बाद भी ये पुलिस व आम लोगों के लिए सिरदर्द बने हुए हैं। किन्नरों ने कचहरी चौक के पास से अपना अड्डा बदल लिया है। अब चुटिया थाना क्षेत्र के सरकारी बस स्टैंड स्थित पटेल चौक और रांची स्टेशन रोड के आसपास देर रात इनकी मौजूदगी देखी जा रही है।

द फोटोन न्यूज के क्राइम रिपोर्टर ने सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात शहर के विभिन्न चौक-चौराहों का मुआयना किया। कचहरी चौक में अब किन्नरों की अड्डेबाजी बंद है, लेकिन रांची स्टेशन रोड पर शर्मनाक गतिविधियां चल रही हैं। यहां से गुजरने वाले लोग इनके निशाने पर रहते हैं। रिपोर्टर ने रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक लगातार इनकी गतिविधियों पर नजर रखी। इस दौरान किन्नरों को लोगों के साथ अश्लील हरकत भी करते देखा गया। एक घटना यह नजर आई कि किन्नरों ने स्कूटी सवार दो युवकों को रोका। काफी देर तक बातचीत हुई, लेकिन डील नहीं हो पाई। इसके बाद स्कूटी सवार युवक वहां से चले गए।
Ranchi Police Action : पुलिस की सख्ती पर हुए तितर-बितर, कुछ देर के बाद फिर जुटे
पुलिस के सख्त रवैये का किन्नरों के गैंग पर कोई खास असर होता नहीं दिख रहा है। रास्ते से गुजरने वाले लोग अगर अपनी गाड़ी रोक दें, तो उन्हें परेशान किया जाता है। बात बढ़ने पर किन्नर मारपीट पर भी उतारू हो जाते हैं। इपनर लगाम लगाने के लिए रांची पुलिस की सारे हथकंडे फेल साबित हो रही हैं। नाम नहीं छापने की शर्त पर एक दुकानदार ने बताया कि रात करीब 1-1.30 बजे के बीच पुलिस की टीम ने किन्नरों को खदेड़ा था। किन्नरों के आसपास जुटे लोगों पर भी डंडे बरसाए गए। इस दौरान कुछ किन्नर पुलिस से भी भिड़ गए। पुलिस की सख्ती के बाद सभी वहां से भागे, लेकिन पुलिस के जाते ही फिर इनका जमावड़ा लग गया।
बड़ी घटना के बाद शहर से हो जाते हैं गायब
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की सुस्त कार्यशैली से किन्नरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। इनकी एक-दो टुकड़ी शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर भी घूमती है। लोगों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाते हैं। इस दौरान अगर कोई बड़ी घटना घट जाए तो कुछ दिनों के लिए शहर से गायब भी हो जाते हैं।
Ranchi Patel Chowk : विवाद के बाद बदल दिया कचहरी चौक का ठिकाना
किन्नरों का उपद्रव पहले शहर के बीचो-बीच कचहरी चौक स्थित रजिस्ट्री ऑफिस के पास रहता है। 10 फरवरी की घटना के बाद ट्रांसजेंडरों ने अपना ठिकाना बदल दिया है। दरअसल, 10 फरवरी की देर रात शराब पीने के दौरान दो युवकों का किन्नरों के साथ विवाद हो गया था। इसके बाद युवकों ने एक किन्नर को गाड़ी से कुचल दिया।
बीच-बचाव करने आए एक छात्र को अगवा कर मारपीट की गई थी। इसके बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए थे। युवकों का पीछा कर रही पुलिस को भी कई बार कुचलने के प्रयास किया गया था। इस दौरान होमगार्ड का एक जवान भी घायल हो गया था। आखिकार पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी थी। इस दौरान वाहन के चालक सीट पर बैठे एक युवक को लग गई थी। इसके बाद पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया था। घायल किन्नर जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, वह गायब मिली। लोगों के अनुसार वारदात के बाद किन्नर कुछ दिन के लिए अंडरग्राउंड हो जाते हैं।
वर्जन
ऐसी गतिविधियां पर पुलिस नजर बनाए हुए है। कचहरी में अड्डेबाजी अब पूरी तरह बंद हो गई है। पुलिस रात्रि गश्ती के दौरान इन लोगों पर विशेष नजर रख रही है। नए ठिकानों के बारे में पता चलते ही कार्रवाई की जाएगी।

पारस राणा, एसपी, सिटी।

