Ranchi : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के उत्तर पूर्व (झारखंड-बिहार) क्षेत्र सामाजिक सद्भाव संयोजक राकेश लाल ने कहा कि जब दूसरे त्योहारों में डीजे बज सकता है तो रामनवमी में क्यों नहीं। यह किसी धर्म का विषय भी नहीं है। सुबह-सुबह साढ़े चार बजे भोपू लगाकर नींद खराब करने वाले हमें बताते हैं कि हिंदुओं के त्योहार में यह नहीं बजेगा। उन्होंने हिंदुओं से आह्वान किया कि विभाजनकारी ताकतों से सावधान और सजग रहने की जरूरत है। ऐसी ताकतों द्वारा लोगों को भरमाकर बताया जाता है कि सबकुछ बोलो पर अपने को हिंदू नहीं कहो। हमारे जनजाति समाज, बौद्ध, जैन आदि लोगों के बीच भ्रम पैदा किया जा रहा है कि तुम हिंदू नहीं हो, जबकि भारत के संविधान में साफ लिखा है कि इस भारत भूमि में रहने वाले वे सभी लोग हिंदू हैं जो मुस्लिम, ईसाई, पारसी और यहूदी नहीं हैं। ऐसी ताकतें ही भारत भूमि को टुकडों में बांटना चाहती है। वह शनिवार को आरएसएस के शताब्दी वर्ष के अवसर पर धुर्वा में जेपी मार्केट के पास आयोजित हिंदू सम्मेलन में लोगों को संबोधित कर रहे थे।
राकेश लाल ने कहा कि हाथ में पाकेट में संविधान लेकर घूमने वालों को इसे पढ़ना चाहिए। वैसे लोग हिंदू समाज की एकता और भारत की संस्कृति को कमजोर करना चाहते हैं। इसलिए जब एक रहेंगे तो देश को विभाजित करने में ये लोग कभी कामयाब नहीं होंगे।
ईरान पर मातम मनाने वाले बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या पर चुप क्यों
राकेश लाल ने सवाल उठाया कि ईरान में अमेरिका ने हमला किया, फिर यहां कुछ लोग मातम क्यों मना रहे हैं। वहीं लोग बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या पर चुप रहते हैं। दिल्ली में तरुण खटीक की हत्या कर दी जाती है और उस वर्ग के लोग निंदा तक नहीं करते हैं। हम भाईचारा निभाते रहे और वे लोग मौका देखकर दुश्मन बन जाते हैं। भारत के अंदर विरोध करने वालों को इस तरह की हिम्मत कहां से आती है, यह हिंदू समाज को समझने की जरूरत है। हिंदू धर्म, संस्कृति और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रहा संघराकेश लाल ने कहा कि संघ पिछले 100 वर्षों से हिंदू धर्म, संस्कृति और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रहा है। समाज में जो कमजोर हैं, उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सभी की है।
गृह संपर्क अभियान के माध्यम से पूरे देश में अब तक 10 करोड़ परिवारों तक संघ के स्वयंसेवक पहुंचे हैं। 36000 से अधिक हिंदू सम्मेलन हो चुके हैं। उन्होंने परिवार में एकता बनाए रखने, अधिकार के साथ-साथ कर्तव्य जानने, पर्यावरण को बचाए रखने और सामाजिक समरसता पर ध्यान देने की भी बात कही। इस मौके पर तपोवन मंदिर के पुजारी अमर त्रिपाठी ने लोगों से आह्वान किया कि बच्चों को संस्कारित बनाएं। हाथों में कलावा बांधे और मांथे पर तिलक जरूर लगाएं।
वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जेपी मार्केट के व्यवसायी प्रभु नारायण ने कहा कि हिंदुओं में भेदभाव समाप्त कर एक होने की जरूरत है। इस मौके पर कई भजन भी प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में राजकिशोर, सत्यनारायण कंठ, हरिनारायण, विद्या मंदिर के प्राचार्य ललन कुमार, सुनील कुमार पांडेय, पार्षद सुचिता रानी राय, अवधेश ठाकुर, पूर्व पार्षद दीपक लोहरा, धनेश्वर महतो, मुकेश नंदन, सुबोध कुमार सहित बड़ी संख्या में महिला और पुरुष उपस्थित थे। कार्यक्रम का आयोजन मां सर्वमंगला दुर्गा मंदिर बस्ती जेपी मार्केट की ओर से किया गया।

