RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची में प्रकृति पर्व सरहुल की शोभायात्रा के दौरान शनिवार देर शाम कचहरी चौक के पास एक मासूम बच्चा भीड़ में अपने परिवार से बिछड़ गया। लावारिस हालत में मिले बच्चे को आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सौंप दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को सीसीआर कंट्रोल रूम में सुरक्षित रखा और उसके परिजनों की तलाश शुरू कर दी। कंट्रोल रूम से सभी थानों को सूचना भेजी गई। इसके साथ ही वायरलेस और सोशल मीडिया के जरिए भी बच्चे के परिवार तक पहुंचने का प्रयास किया गया। पूरी रात पुलिस बच्चे के परिजनों को ढूंढती रही।
रविवार को सुबह में बच्चे के परिवार को उसकी जानकारी मिली। इसके बाद उसकी दादी और मौसी सीसीआर कंट्रोल रूम पहुंचीं। परिजनों ने बताया कि बच्चे की मां का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि पिता बीमार हैं। सरहुल शोभायात्रा में शामिल होने के दौरान कचहरी चौक पर भीड़ में बच्चा उनसे बिछड़ गया था। रातभर परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन बच्चा नहीं मिला।
शुरुआत में बच्चा दादी और मौसी के साथ जाने में झिझक रहा था। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर कोतवाली और गोंदा थाना की पुलिस टीम ने बच्चे और उसके परिजनों को सुरक्षित उनके घर पहुंचाया। घर पहुंचने पर बच्चे की उसके बीमार पिता से मुलाकात कराई गई और सत्यापन के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। परिवार से मिलकर बच्चा काफी खुश नजर आया। परिजनों ने रांची पुलिस का आभार जताया।

