Ranchi : रांची के हेहल स्थित डीएवी आनंद स्वामी पब्लिक स्कूल के बच्चों ने पहलगाम में हुए बर्बर आतंकी हमले से व्यथित होकर गुरुवार को एक अनूठा विरोध प्रदर्शन किया। स्कूल के प्रांगण में छात्रों ने एक मानव श्रृंखला बनाई, जिसके माध्यम से उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ अपनी गहरी नाराजगी और शांति की प्रबल इच्छा व्यक्त की।
शांति का संदेश व आतंक के खिलाफ आक्रोश
इस मानव श्रृंखला में शामिल बच्चे हाथों में नारे लिखी तख्तियां लिए हुए थे, जिन पर शांति, सद्भाव और आतंकवाद विरोधी संदेश अंकित थे। उनके चेहरे पर आतंकी घटना के प्रति दुख और आक्रोश स्पष्ट रूप से झलक रहा था। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए कहा कि एक उज्ज्वल, सुरक्षित और भयमुक्त समाज और राष्ट्र के निर्माण के लिए आतंकवाद का जड़ से खात्मा होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि आतंकवाद कोई राजनीतिक विचारधारा नहीं, बल्कि संपूर्ण विश्व के कल्याण पर एक गहरा आघात है, जिसका समूल नाश करना ही मानवता के हित में है।
विश्व बंधुत्व का संदेश
विद्यालय के विद्यार्थियों ने न केवल परिसर के भीतर, बल्कि आसपास के क्षेत्र में भी मानव श्रृंखला बनाकर विश्व बंधुत्व की अपनी कल्पना को प्रदर्शित किया। बच्चों के इस शांतिपूर्ण व शक्तिशाली प्रदर्शन ने हर राहगीर का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रोशी वाधवानी और सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर अपनी आवाज उठाने के लिए बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए उनका मार्गदर्शन किया।

