RANCHI: रांची के मोरहाबादी मैदान में फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर और जीएस मार्केटिंग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ट्रेड फेयर में रविवार को भारी भीड़ उमड़ी। छुट्टी का दिन होने के कारण शहरवासियों ने परिवार और बच्चों के साथ मेले का जमकर आनंद लिया। लोगों ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण करते हुए घरेलू सामान, सजावटी वस्तुएं, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की खरीदारी की।
मेले में इंटरनेशनल स्टॉल खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। अफगानिस्तान के ड्राई फ्रूट्स, थाईलैंड के फुटवेयर और बांग्लादेश की साड़ियां लोगों को खूब पसंद आ रही हैं। फुटवेयर स्टॉल पर खासकर युवतियों की भीड़ देखी गई, जहां साड़ियां 2 हजार से 10 हजार रुपये तक उपलब्ध हैं।
मेले में 3000 रुपये की खरीदारी पर आकर्षक उपहार भी दिया जा रहा है, जिसे गिफ्ट काउंटर से बिल दिखाकर प्राप्त किया जा सकता है। कई स्टॉलों पर विशेष छूट और फर्नीचर पर भारी डिस्काउंट भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहा है। चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने बताया कि इस बार लोगों में मेले को लेकर जबरदस्त उत्साह है और आने वाले दिनों में और अधिक भीड़ की उम्मीद है।

