RANCHI: रांची में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को ट्रैफिक पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने किया। अभियान के दौरान पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों का चालान नहीं काटा और न ही जुर्माना लगाया। लोगों को रोककर उन्हें ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया।
आंकड़ों पर नजर डाले तो रांची में हर महीने औसतन 20 से 25 लोगों की मौत सड़क दुर्घटनाओं में हो जाती है, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग स्थाई रूप से डिजेबल हो जाते हैं। ऐसा देखा जाता है कि इन हादसों के पीछे ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन प्रमुख कारण होता है। इसी को देखते हुए रांची के सीनियर एसपी राकेश रंजन के निर्देश पर ट्रैफिक एसपी ने टीम के साथ शहर में घूम-घूमकर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का काम किया।
अपनी सुरक्षा के लिए करें नियम का पालन
अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेशों वाले बैनर और नोट्स के माध्यम से लोगों को समझाया कि ट्रैफिक नियमों का पालन केवल पुलिस से बचने के लिए नहीं बल्कि अपनी और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि अभियान के तहत लोगों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, सीट बेल्ट लगाने, ट्रिपल राइडिंग से बचने, शराब पीकर गाड़ी नहीं चलाने और तेज या लापरवाही से वाहन नहीं चलाने के लिए जागरूक किया गया।
साथ ही नियमों का पालन नहीं करने से होने वाले नुकसान के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। बिरसा चौक से अरगोड़ा चौक होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक तक मोटरसाइकिल रैली भी निकाली गई। इसके साथ ही जगह-जगह नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी लोगों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया।

