रांची : राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मनीटोली वारिस चौक के समीप रहने वाले तौकिर अंसारी के रूप में हुई है। वह तीन दिन पहले पत्नी तरन्नुम परवीन की हत्या के बाद से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार मंगलवार देर रात तौकिर ने कथित तौर पर फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।
24 जनवरी को हुई थी हत्या
तरन्नुम परवीन की हत्या 24 जनवरी की दोपहर हुई थी। इस संबंध में मृतका के भाई मो. मोजाहिद ने डोरंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि तौकिर अंसारी ने उनकी बहन के सिर में गोली मारी।
एफआईआर के अनुसार, घटना की सूचना आरोपी की चाची ने फोन पर दी थी। मौके पर पहुंचने पर परिजनों को घर में तरन्नुम का शव मिला। मृतका के बेटे अरहाम अंसारी ने भी कथित रूप से बताया कि उसके पिता ने उसकी मां को गोली मारी और बाद में घटनास्थल को आत्महत्या जैसा दिखाने की कोशिश की।
प्रताड़ना और संबंधों को लेकर विवाद का आरोप
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि तौकिर अंसारी अपनी पत्नी को अक्सर प्रताड़ित करता था। उसने यह भी आरोप लगाया कि तरन्नुम इसका विरोध करती थीं। इसी विवाद के चलते हत्या की आशंका जताई गई है। तौकिर का एक महिला निशा के साथ संबंध था, उसको भी प्राथमिकी में नामजद किया गया है।
पुलिस कर रही थी तलाश
मामले के दर्ज होने के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान उसके आत्महत्या करने की सूचना मिली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Read Also- Kairav Kidnapping : पुलिस ने बरही में घेराबंदी कर कैरव के तीन अपरहणकर्ताओं को दबोचा, कार भी बरामद

