
Bihar Bridge Damage : भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले में एक बार फिर पुल निर्माण को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। कोसी नदी पर बन रहे 996 करोड़ रुपये की लागत वाले बिहपुर-वीरपुर पुल की एक रेलिंग बीती रात टूटकर नदी में गिर गई। हालांकि, कोई बड़ा जानमाल का नुकसान नहीं हुआ, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
स्लैब गिरने से टूटी 5-7 फीट रेलिंग
घटना बिहपुर स्थित निर्माणाधीन पुल पर हुई, जहां 90 चक्कों वाले भारी ट्रक पर स्लैब लेकर जाया जा रहा था। उसी दौरान संतुलन बिगड़ने के कारण स्लैब फिसलकर पुल की रेलिंग से टकरा गया और 5 से 7 फीट रेलिंग टूटकर कोसी नदी में गिर गई। घटना की सूचना फैलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। अफवाह थी कि पुल गिर गया है, हालांकि बाद में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि केवल बाउंड्री डैमेज हुई है।
Bihar Bridge Damage : पीएम मोदी ने किया था शिलान्यास
इस पुल की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2020 में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रखी थी। यह पुल एनएच-106 पर बन रहा है, जिसकी कुल लंबाई 6.94 किमी है। परियोजना की कुल लागत 996 करोड़ रुपये है। पहले इसे जून 2024 तक पूरा किया जाना था, अब 2026 तक का लक्ष्य तय किया गया है।
उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ेगा यह पुल
यह पुल वीरपुर से उदाकिशुनगंज तक बनने वाली 106 किमी लंबी टू-लेन सड़क परियोजना का हिस्सा है। इसके निर्माण से:
उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सीधी कनेक्टिविटी बनेगी,
कोसी क्षेत्र में बाढ़ के समय यह पुल लाइफलाइन साबित होगा।
किसानों को फसल, सब्जी और दूध की ढुलाई में बड़ी राहत मिलेगी।
एफकॉन इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के अधीन है निर्माण
पुल का निर्माण एफकॉन इंफ्रास्ट्रक्चर (मुंबई) के द्वारा किया जा रहा है। घटना के बाद कंपनी की तकनीकी टीम और इंजीनियर मौके पर पहुंचे और मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।
प्रशासन की प्रतिक्रिया
नवगछिया एसडीओ ऋतुराज प्रताप सिंह ने बताया कि पुल की केवल बाउंड्री डैमेज हुई है। स्लैब लाने वाले वाहन के रेलिंग से टकराने से यह हादसा हुआ है। कंपनी को मरम्मत के निर्देश दे दिए गए हैं।
Read Also- बिहार की बाढ़ से लाखों लोग हुए बेघर, लगभग 7000 हेक्टेयर की फसल हो गई बर्बाद

