
Palamu : झारखंड के पलामू जिले के रेहला स्थित ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड परिसर में चोरों ने सात स्टाफ क्वार्टरों को निशाना बनाया। दुर्गा पूजा के दौरान अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने घर गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने बंद क्वार्टरों के दरवाजे तोड़कर या काटकर भीतर प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। क्वार्टरों से लाखों रुपये के आभूषण और कीमती सामान चोरी होने की आशंका है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद रेहला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। चोरों का सुराग लगाने के लिए स्निफर डॉग की मदद ली जा रही है। कंपनी के प्रतिनिधि नितेश पांडे ने घटना की पुष्टि की है। रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरुआ के अनुसार, अब तक सात क्वार्टरों में चोरी की जानकारी सामने आई है। पुलिस अन्य क्वार्टरों की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि चोरी की घटना का दायरा कितना बड़ा है। फिलहाल चोरी गई संपत्ति का आकलन नहीं हो सका है।
सुरक्षित परिसर में चोरों की घुसपैठ से उठे सवाल
ग्रासिम इंडस्ट्रीज का परिसर चारों ओर से चहारदीवारी से घिरा हुआ है और इसे उच्च सुरक्षा वाला क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में परिसर के भीतर चोरों के दाखिल होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोर किस रास्ते से अंदर आए और वारदात को अंजाम देने के बाद किस ओर से बाहर निकले। जांच के तहत परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के भी मौके पर पहुंचने की सूचना है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और चोरी से संबंधित सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
Read also Jamshedpur News: झाड़ग्राम में आज से पाटाबिंधा मेला, झारखंड से भी पहुंचे हैं हजारों संताली

