
कोडरमा: जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र से एक बेहद खौफनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने ऐसा तरीका अपनाया कि किसी को शक न हो, लेकिन पुलिस की पैनी नजर ने इस पूरी साजिश की परतें खोलकर रख दीं।
इलाज का झांसा देकर बुलाया और लगाया जहरीला इंजेक्शन
पुलिस के अनुसार, चौपारण निवासी नरेश ठाकुर 10 अक्टूबर को कोलकाता जाने के लिए घर से निकले थे। रास्ते में उनकी तबीयत खराब होने का नाटक कर, उनके ही दोस्त और झोलाछाप डॉक्टर सुनील ठाकुर ने उन्हें अपने क्लीनिक पर बुलाया। सुनील का मृतक की पत्नी किरण देवी के साथ 2019 से अवैध संबंध चल रहा था। इसी प्रेम प्रसंग के रास्ते का कांटा हटाने के लिए दोनों ने नरेश को ठिकाने लगाने का प्लान बनाया। क्लीनिक पर पहुंचने के बाद आरोपी ने इलाज के नाम पर नरेश को कीटनाशक से भरा एक खतरनाक इंजेक्शन लगा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद शव को खदान में फेंका
वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर प्रेमी ने शव को एक बोरे में बंद कर अपने ही क्लीनिक में छिपा दिया। मौका मिलते ही उसने सबूत मिटाने की नीयत से शव को एक बंद पड़े पत्थर की खदान के पास फेंक दिया। आरोपी की पोल न खुले, इसके लिए मृतक की पत्नी किरण देवी ने पहले ही चौपारण थाने में पति की गुमशुदगी की झूठी रिपोर्ट दर्ज करवा दी ताकि पुलिस का शक उन पर न जाए।
एसपी ने किया खुलासा, मोबाइल और पर्स बरामद
17 अक्टूबर को पुलिस ने बंद पत्थर खदान से नरेश ठाकुर का शव बरामद किया। इसके बाद जब पुलिस ने मामले की तकनीकी और वैज्ञानिक जांच शुरू की तो एक-एक करके सारे राज बाहर आ गए। कोडरमा एसपी कुमार शिवशीष ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पूछताछ में यह बात सामने आई है कि हत्या के बाद किरण और सुनील दोनों की आपस में शादी करने की योजना थी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी किरण देवी और उसके प्रेमी सुनील ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का मोबाइल और पर्स भी अलग-अलग जगहों से बरामद कर लिया है।

