Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने कहा कि जिले के अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिकाधिक पात्र युवक-युवतियां इनका लाभ उठा सकें।
बैठक में मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत संचालित कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवाओं के नियोजन की स्थिति की जानकारी ली और निर्देश दिया कि प्रशिक्षण पूरा करने वाले युवाओं को निजी कंपनियों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और अन्य संस्थानों में रोजगार दिलाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। साथ ही प्लेसमेंट की नियमित निगरानी और नियोजित अभ्यर्थियों का अद्यतन डाटा रखने को कहा।
उन्होंने जिला नियोजनालय के माध्यम से आयोजित होने वाले रोजगार मेलों, करियर काउंसिलिंग कार्यक्रमों और अन्य नियोजन गतिविधियों की समीक्षा करते हुए युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि रोजगार मेलों की जानकारी सोशल मीडिया, पंचायत स्तर, शैक्षणिक संस्थानों और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से व्यापक रूप से लोगों तक पहुंचाई जाए।
बैठक में ई-श्रम पोर्टल पर असंगठित श्रमिकों के निबंधन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने पात्र श्रमिकों का शत-प्रतिशत निबंधन सुनिश्चित करने और लाभुकों को समय पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि औद्योगिक प्रतिष्ठानों और नियोजकों के साथ नियमित समन्वय स्थापित कर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में ठोस पहल की जाए। उपायुक्त ने कहा कि कौशल विकास और रोजगार सृजन राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं, इसलिए सभी विभागीय पदाधिकारी निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए गंभीरता से कार्य करें।
बैठक में जिला नियोजन पदाधिकारी, श्रम एवं कौशल विकास विभाग से जुड़े अधिकारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

