Ranchi: झारखंड क्रिकेट के इतिहास में शनिवार का दिन बेहद खास बन गया। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) की ओर से आयोजित पहली झारखंड टी20 लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी (ऑक्शन) प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य में पहली बार फ्रेंचाइजी आधारित टी20 लीग के लिए खिलाड़ियों की बोली लगाई जा रही है, जिसे झारखंड क्रिकेट के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस बहुप्रतीक्षित ऑक्शन में राज्यभर के 275 खिलाड़ियों पर छह फ्रेंचाइजी टीमें बोली लगा रही हैं। लीग में रांची टाइटंस, जमशेदपुर स्टीलर्स, छोटानागपुर रॉयल्स, कोयलांचल सुपर किंग्स, धनबाद डायमंड्स और संथाल स्ट्राइकर्स हिस्सा ले रही हैं। प्रत्येक फ्रेंचाइजी को खिलाड़ियों की खरीदारी के लिए 50 लाख रुपये का पर्स दिया गया है। टीमें अपनी रणनीति और संतुलित संयोजन के अनुसार खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ने में जुटी हैं।
ऑक्शन में झारखंड क्रिकेट के कई बड़े नाम शामिल हैं। भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के अलावा रॉबिन मिंज, कुमार कुशाग्र, अनुकुल रॉय, सुषांत मिश्रा, उत्कर्ष सिंह और विराट सिंह जैसे खिलाड़ियों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। इन स्टार खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करने के लिए फ्रेंचाइजियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है।
नीलामी प्रक्रिया का संचालन प्रसिद्ध क्रिकेट कमेंटेटर और पेशेवर ऑक्शनर चारू शर्मा कर रहे हैं। चारू शर्मा इससे पहले आईपीएल सहित कई बड़े क्रिकेट आयोजनों के ऑक्शन का संचालन कर चुके हैं। ऐसे में झारखंड टी20 लीग के पहले ऑक्शन को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। जेएससीए के नियमों के अनुसार प्रत्येक फ्रेंचाइजी को न्यूनतम 16 और अधिकतम 18 खिलाड़ियों का स्क्वॉड तैयार करना होगा। नीलामी में शामिल खिलाड़ियों को अलग-अलग श्रेणियों में रखा गया है। सात खिलाड़ियों को आइकॉन कैटेगरी में शामिल किया गया है, जिनका बेस प्राइस 4 लाख रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं कैटेगरी-ए के वरिष्ठ राज्य स्तरीय खिलाड़ियों का बेस प्राइस 75 हजार रुपये रखा गया है। अन्य खिलाड़ियों को भी उनकी उपलब्धियों और अनुभव के आधार पर विभिन्न श्रेणियों में बांटा गया है।
जेएससीए के उपाध्यक्ष संजय पांडे ने कहा कि झारखंड टी20 लीग राज्य के युवा क्रिकेटरों के लिए एक बड़ा मंच साबित होगी। इस प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, प्रतिस्पर्धी माहौल में खेलने और पेशेवर क्रिकेट को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह लीग भविष्य में झारखंड क्रिकेट की नई प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी। फिलहाल झारखंड क्रिकेट जगत की निगाहें इस ऐतिहासिक ऑक्शन पर टिकी हैं, जहां कई खिलाड़ियों के करियर को नई दिशा मिल सकती है और फ्रेंचाइजी टीमें मजबूत स्क्वॉड तैयार करने में जुटी हुई हैं।
Read also बोकारो स्टील प्लांट : सोवियत यूनियन और भारत की दोस्ती की औद्योगिक गाथा

