रांची: त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि संघ, झारखंड के अध्यक्ष विकास कुमार महतो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात कर पंचम राज्य वित्त आयोग मद की राशि के व्यय एवं विकास योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए शीघ्र मार्गदर्शिका जारी करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को बताया कि पंचायतों को पंचम राज्य वित्त आयोग की राशि आवंटित कर दी गई है, लेकिन राशि खर्च करने और योजनाओं को लागू करने संबंधी दिशा-निर्देश अब तक जारी नहीं किए गए हैं। इसके कारण पंचायतों में विकास कार्य शुरू नहीं हो पा रहे हैं।
पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि स्पष्ट मार्गदर्शिका मिलने के बाद पंचायतें वित्त आयोग से प्राप्त राशि का उपयोग कर विभिन्न विकास योजनाओं को गति दे सकेंगी।
उन्होंने राज्यपाल से संबंधित विभाग को जल्द दिशा-निर्देश जारी करने के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।
राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वे संबंधित विभाग से पत्राचार कर आवश्यक मार्गदर्शिका शीघ्र जारी कराने का प्रयास करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में जिला परिषद सदस्य मनोज वाजपेयी, मुखिया कुशेन्द्र पहान, गिरिडीह के अनिल कुमार रजक एवं पिंटू कुमार शामिल थे।

