Home » Dhanbad Crime: छाताबाद फायरिंग मामले में पुलिस कर रही ताबड़तोड़ छापेमारी, अब तक 5 गिरफ्तार

Dhanbad Crime: छाताबाद फायरिंग मामले में पुलिस कर रही ताबड़तोड़ छापेमारी, अब तक 5 गिरफ्तार

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद : कतरास थाना क्षेत्र स्थित छाताबाद में हिंसक झड़प मामले में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। कतरास पुलिस ने मामले के दो और नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की भी गंभीरता से तलाश कर रही है। मामले में पुलिस अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाशकिनारी बस्ती निवासी 38 वर्षीय विक्रम यादव और 31 वर्षीय कन्हैया यादव के रूप में हुई है। दोनों को कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने छापेमारी कर उनके ठिकानों से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें धनबाद मंडल कारा भेज दिया गया।

27 मई की रात हुई थी फायरिंग

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 27 मई की रात छाताबाद मस्जिद रोड स्थित आकाशकिनारी बस्ती मैदान के पास दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया और कई राउंड फायरिंग की गई। घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।

गोलीबारी के दौरान अपने घर की छत पर खड़े मोहम्मद तौसिफ आलम और नीतीश कुमार यादव गोली लगने से घायल हो गए थे। तौसिफ के कंधे में जबकि नीतीश की जांघ में गोली लगी थी। गंभीर रूप से घायल तौसिफ का इलाज दुर्गापुर के मिशन अस्पताल में चल रहा है।

इस मामले में कतरास थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने विकास बजरंगी, अमित यादव सहित 20 नामजद और 8 से 10 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है। उन पर आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस इससे पहले मुख्य आरोपी आनंद कुमार यादव, करण कुमार दास और विवेक कुमार ठाकुर को हथियार, कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। विक्रम और कन्हैया की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में जेल भेजे गए आरोपियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।
पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Read Also: Palamu Murder : पलामू में ब्याज के पैसे को लेकर पारा शिक्षक की हत्या, साथी शिक्षक गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Comment