Home » Jharkhand News: दुर्गा पूजा से लौट रही महिला अचानक गायब, अपहरण के शक में ग्रामीणों ने NH-39 जाम कर किया प्रदर्शन ​

Jharkhand News: दुर्गा पूजा से लौट रही महिला अचानक गायब, अपहरण के शक में ग्रामीणों ने NH-39 जाम कर किया प्रदर्शन ​

​रात के अंधेरे में गांव के ही एक दबंग पर लगा किडनैपिंग का आरोप, मौके से बाइक बरामद; पुलिस तलाश में जुटी

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पलामू : जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र के बसना गांव से एक महिला के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। महिला के गायब होने से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने अपहरण की आशंका जताते हुए नेशनल हाईवे-39 को पूरी तरह जाम कर दिया है, जिससे आवागमन ठप हो गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, बसना गांव की रहने वाली यह महिला पूर्व में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी रह चुकी हैं। मंगलवार की रात दुर्गा पूजा समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर वापस लौट रही थी। इसी क्रम में रास्ते से वह अचानक लापता हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गांव के ही एक आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति ने उसका अपहरण कर लिया है। घटना की भनक लगते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए और न्याय की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए।

​सड़क पर लगा वाहनों का लंबा जाम

एनएच-39 जाम होने की वजह से सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सूचना मिलते ही नावाबाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया है ताकि जल्द से जल्द जाम को हटाया जा सके।

​पुलिस के हाथ लगी बाइक, दबिश जारी

थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए पुलिस बेहद गंभीरता से हर पहलू की जांच कर रही है। ग्रामीणों ने पुलिस को कुछ अहम जानकारियां भी दी हैं, जिनके आधार पर मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि महिला को जल्द ही सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।
Read Also:  Jharkhand Crime: प्यार में बाधक बना पति तो किनारा लगाने के लिए पत्नी ने रची खौफनाक साजिश, झोलाछाप प्रेमी डॉक्टर ने जहर का इंजेक्शन लगा ले ली जान

 

 

पलामू के बसना गांव

Related Articles

Leave a Comment