
रांची: राजधानी रांची से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। पुलिस ने 23 वर्षीय युवक को दबोच लिया है। आरोपी पर 11वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा को अपनी हवस का शिकार बनाने और फिर बेरहमी से उसका गला घोंटकर मौत के घाट उतारने का गंभीर आरोप है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से इलाके में कोहराम मचा हुआ है और लोगों में भारी आक्रोश है।
नदी किनारे खौफनाक खेल
पुलिस के मुताबिक यह खौफनाक साजिश नशे की हालत में रची गई थी। मुरी चौकी प्रभारी विकास पासवान ने बताया कि घटना वाले दिन आरोपी ने फोन कर 17 वर्षीय छात्रा को नहाने के बहाने नदी के पास बुलाया था। मासूम छात्रा अपनी सात साल की नन्ही चचेरी बहन के साथ बेखबर वहां पहुंच गई। सुनसान इलाके का फायदा उठाकर आरोपी ने दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं। छात्रा का गला घोंटकर उसकी जिंदगी छीन ली।
यह दर्दनाक कहानी तब सामने आई जब घर से निकली छात्रा वापस नहीं लौटी। पुलिस के अनुसार, मृतका यह कहकर घर से निकली थी कि वह अपने भाई-भाभी से मिलने जा रही है। उसके साथ गई छोटी चचेरी बहन तो कुछ देर बाद लौट आई, लेकिन छात्रा नहीं पहुंची। घर वालों ने जब खोजबीन शुरू की, तो रविवार को घर से ढाई किलोमीटर दूर झाड़ियों के बीच उसका शव बरामद हुआ, जिसने देखने वालों की रूह कंपा दी।
पुलिस की पूछताछ में कबूला जुर्म
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। सिल्ली डीएसपी मनीष चंद्र लाल ने जानकारी दी कि पुलिस टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए सोमवार को ही आरोपी को शिकंजे में ले लिया। पुलिस की पूछताछ के आगे आरोपी का झूठ ज्यादा देर टिक नहीं पाया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन और अन्य सामान भी बरामद कर लिए हैं। फिलहाल, इस जघन्य अपराध के बाद पूरे क्षेत्र में मातम और गुस्से का माहौल है, और हर कोई इस कुकृत्य के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहा है।
Read Also: Jharkhand News: दुर्गा पूजा से लौट रही महिला अचानक गायब, अपहरण के शक में ग्रामीणों ने NH-39 जाम कर किया प्रदर्शन

