Ramgarh : रामगढ़ जिले में सब्सिडी दिलाने के नाम पर एक संगठित गिरोह ने करोड़ों रुपये की ठगी की घटना को अंजाम दिया है। इस गिरोह ने गरीब किसानों और मजदूरों को निशाना बनाया और 62 लोगों को ठगा है। इनसे तकरीबन 1.11 करोड़ रुपये ठगे हुए हैं।घटना की सूचना मिलने के बाद रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने इसे गंभीरता से लेते हुए फौरन कार्रवाई के निर्देश दिए। रजरप्पा थाना क्षेत्र के पीड़ितों का बयान लिया गया है। इन बयानों के आधार पर रामगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें सात नामजद हुए हैं।
आरोपियों में गोड़ियारी बागी निवासी कुलजीत छाबड़ा उर्फ बॉबी छाबड़ा, आरती कुमारी उर्फ बबीता लकड़ा, सुनील राम, नेहा कुमारी, गीता कुमारी, अमन छाबड़ा और फूल कुमारी शामिल हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि यह गिरोह खुद को सरकारी एजेंट बताकर झारखंड ट्राइबल डेवलपमेंट सोसाइटी (JTDS) की योजनाओं के तहत सब्सिडी दिलाने का झांसा देता था।
ऐसे रचा गया ठगी का जाल
गिरोह के सदस्यों ने फर्जी सर्टिफिकेट और कागजात दिखाकर लोगों का भरोसा जीतते थे। शुरुआत में कुछ लोगों को सस्ती दर पर बाइक, बीज और खाद दिला कर भरोसा बनाया गया। इसके बाद ग्रामीणों को बताया गया कि किसी भी योजना के तहत केवल 25 प्रतिशत राशि जमा करनी होगी, जबकि बाकी 75 प्रतिशत सरकार सब्सिडी के रूप में देगी।
इस लालच में आकर लोगों ने ट्रैक्टर, हाइड्रा, डीप बोरिंग, मोटरसाइकिल और कृषि उपकरण लेने के लिए पैसे ट्रांसफर किए। भुगतान RTGS, बैंक ट्रांसफर और फोन-पे के जरिए जनवरी 2024 से नवंबर 2025 के बीच कराया गया।
पैसे मांगने पर दी जाने लगी धमकी
जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दिया। बाद में झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी गई। कुछ मामलों में आरोपियों ने चेक भी दिए, लेकिन वे बाउंस हो गए या भुगतान नहीं हुआ।
बॉबी छाबड़ा है घटना का मास्टरमाइंड
पुलिस इन्वेस्टिगेशन में सामने आया कि इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड कुलजीत छाबड़ा उर्फ बॉबी छाबड़ा है। उसने अपने बेटे अमन छाबड़ा के बैंक खाते में भी ठगी की रकम ट्रांसफर करवाई थी।
पीड़ितों की है लंबी सूची
ठगी के शिकार लोगों में लाला करमाली, नरेश बेदिया, जगदीश बेदिया, संदीप बेदिया, सोहरिया देवी, सुरेंद्र चौधरी, काजल कुमारी, रूपेश कुमार महतो, जितेंद्र महतो, दिनेश महतो, आशीष जोन, कुंती देवी, मोती महतो समेत कई अन्य शामिल हैं।

