
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। सिदगोड़ा थाना पुलिस ने 275 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 51.81 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.37 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक स्मार्टफोन भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रविवार रात सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में चोरी, छिनतई, लूट, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान थाना प्रभारी मो. फैज अहमद को सूचना मिली कि लिट्टी चौक के पास एक युवक ब्राउन शुगर बेचने के लिए पहुंचा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान 32 वर्षीय मो. शाहिद के रूप में हुई, जो बर्मामाइंस थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती, कैरेज कॉलोनी का रहने वाला है। तलाशी लेने पर उसके पास से 275 पुड़िया ब्राउन शुगर और एक सैमसंग स्मार्टफोन बरामद किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह खड़गपुर से ब्राउन शुगर लाकर बर्मामाइंस क्षेत्र की एक महिला सहयोगी के साथ मिलकर जमशेदपुर के विभिन्न इलाकों में इसकी बिक्री करता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
इस मामले में सिदगोड़ा थाना कांड संख्या 95/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और मारपीट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए आगे भी इसी तरह का विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।

