
Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बेखौफ चोरों ने एक बार फिर पुलिस गश्त को चुनौती देते हुए एक सूने घर को निशाना बनाया है। ताजा मामला चक्रधरपुर नगर क्षेत्र के बांग्लाटांड़ (वार्ड संख्या-19) का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक घर से करीब 5 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, बांग्लाटांड़ निवासी मोहम्मद साहब के घर के सभी सदस्य किसी जरूरी काम से बाहर गए हुए थे। घर को सूना पाकर देर रात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और भीतर दाखिल हो गए। चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने के जेवरात और ₹12,000 नकद चोरी कर लिए और आसानी से फरार हो गए। घटना का खुलासा तब हुआ जब परिवार के सदस्य वापस घर लौटे। मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। जब वे अंदर गए तो देखा कि अलमारी खुली हुई थी और पूरे घर का सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित परिवार ने तुरंत इसकी सूचना आसपास के पड़ोसियों को दी। इस बड़ी वारदात के बाद पीड़ित पक्ष मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराने चक्रधरपुर थाना पहुंचे।

स्थानीय लोगों में आक्रोश और डर का माहौल
चक्रधरपुर शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय नागरिकों में भारी असुरक्षा और चिंता का माहौल है। लोगों का आरोप है कि पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि रात के समय पुलिस गश्त (पेट्रोलिंग) को और अधिक सशक्त और नियमित किया जाए, ताकि इन घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो।

