सेंट्रल डेस्क, नई दिल्ली : सात साल पहले जब रिलायंस (Reliance Jio) के मालिक मुकेश अंबानी ने जियो की लांचिंग की घोषणा की थी तब किसी ने भी नहीं सोचा था कि एक दिन रिलायंस जियो देश के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की रीढ़ बन जाएगा। पिछले 7 सालों में जियो ने देश में बहुत कुछ बदल दिया है। इसका सीधा असर आम आदमी की जिंदगी पर पड़ा है। आइए देखते हैं जियो की 7 प्रमुख उपलब्धियां क्या-क्या रहीं।
– फ्री आउटगोइंग कॉल
5 सितंबर 2016 को अपनी लांचिंग के पहले ही दिन रिलायंस जियो ने देश में महंगी आउटगोइंग कॉलिंग का युग समाप्त कर दिया। भारत में रिलायंस जियो पहली कंपनी बनी, जिसने आउटगोइंग कॉल को फ्री कर दिया। जो आज तक जारी है।
– कम हुआ डेटा और मोबाइल का बिल
दूसरा जबर्दस्त असर पड़ा मोबाइल डेटा की कीमतों पर, जियो के आने से पहले डेटा करीब 255 रुपये प्रति जीबी के हिसाब से उपलब्ध था। जियो ने बेहद आक्रामक तरीके से डेटा की कीमतें घटा दीं। डेटा 10 रुपये प्रति जीबी से कम कीमत पर मिलने लगा। फ्री कॉलिंग और डेटा कीमतें कम होने से मोबाइल का बिल काफी कम हो गया।
– डेटा खपत में देश हुआ अव्वल
डेटा की कीमतें कम होने का सीधा असर डेटा की खपत पर पड़ा। जियो के आने से पहले भारत डेटा खपत के मामले में दुनिया में 155 वें नंबर पर था और आज भारत पहले दो स्थानों में शामिल है। जियो के नेटवर्क पर प्रतिमाह अब 1,100 करोड़ जीबी डेटा की खपत होती है। जियो ग्राहक औसतन 25 जीबी डेटा प्रतिमाह इस्तेमाल करता है। जो इंडस्ट्री में सबसे ज्यादा है।
– मोबाइल की छोटी स्क्रीन में पूरी दुकान
जियो की वजह से डेटा सस्ता हुआ तो मोबाइल पर ही दुनिया सिमट आई। एंटरटेनमेंट के लिए अब समय निकालने की जरूरत खत्म हुई। कहीं भी, कभी भी मनोरंजन एक क्लिक में मिलने लगा। रेल हो, हवाई जहाज हो या सिनेमा सबकी टिकट ऑनलाइन बुक होने लगी। होटल बुकिंग और फूड साइट्स व ऐप्स पर बूम देखने को मिलने लगा। टूरिज्म में बहार आ गई। ई-कॉमर्स कंपनियों ने पूरी दुकान ही मोबाइल में समेट दी।
– ऑनलाइन क्लास और ऑफिस
कोविड का वो बुरा दौर तो सबको याद ही होगा। शिक्षा और ऑफिस घर से ही चलने लगे थे। घंटों इंटरनेट का इस्तेमाल होता था। वजह एक ही थी किफायती कीमतों पर डेटा की उपलब्धता। कल्पना कीजिए अगर डेटा के रेट जियो लांच से पहले वाले होते यानी 255 रुपए जीबी तो क्या हाल होता।
– डिजिटल पेमेंट, खत्म हुई खुले पैसे की किच किच भारत सरकार के यूपीआई ओपन डिजिटल पेमेंट सिस्टम ने सबकुछ बदल कर रख दिया। छोटे-बड़े बैंक, पेटीएम और फोन पे जैसी वॉलेट कंपनियों समेत फाइनेंशियल क्षेत्र के दिग्गज इस पहल से जुड़ गए। मकसद था हर मोबाइल में पेमेंट सिस्टम की मार्फत पैसे का लेनदेन।
यूपीआई की सफलता का प्रमुख कारण डेटा की कम कीमतें
आज रेहड़ी पटरी से लेकर 5 स्टार होटल तक इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। जियो समेत सभी दूरसंचार कंपनियों का डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर इसमें काम आया। परंतु यूपीआई की सफलता का श्रेय, बहुत हद तक डेटा की कम कीमतों को जाता है, जिसने आम भारतीय को डिजिटल पेमेंट सिस्टम यूज करने का हौंसला दिया। जियो के लांच के साथ ही डेटा रेट्स 25 गुना कम हो गए थे।
– 2जी से 4जी की ओर
अपने लांच के अगले ही साल यानी 2017 में कंपनी ने जियोफोन बाजार में उतारा। मकसद था 2जी ग्राहकों को 4जी में शिफ्ट करना जिससे वे भी डिजिटल इकोनॉमी का हिस्सा बन सकें। जियोफोन के 13 करोड़ से अधिक मोबाइल बिके।
यह किसी भी एक देश में किसी एक मॉडल के बिकने वाले सबसे अधिक मोबाइल थे। इसकी अगली कड़ी में कंपनी ने जियोभारत प्लेटफॉर्म लांच कर 2जी ग्राहकों को 4जी में खींचने की मुहिम तेज कर दी है। जियो के साथ कॉर्बन नाम की कंपनी ‘भारत’ नाम से 4जी फीचर फोन बना रही है। जल्द ही कुछ और कंपनियों के भी इस मुहिम से जुड़ने की उम्मीद है।
READ ALSO : Corning Gorila Glass: जल्द ही भारत में बनेगा कोर्निंग गोरिला ग्लास, जानें फायदे
– हर वर्ग तक पहुंच
पहले केवल अमीर ही डेटा का इस्तेमाल कर सकते थे, वजह थी महंगी डेटा कीमतें। जियो ने अमीर-गरीब की इस खाई को पाट दिया। अब हर कोई आसानी से डेटा इस्तेमाल कर सकता है। 4जी शहरों से निकल कर गांव तक पहुंचा।
जिसका असर यह पड़ा कि अब गांव वालों को भी शहरी व्यक्तियों की तरह हर डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध हैं। जन-धन खातों को ऑपरेट करना हो, सरकारी योजनाओं में रजिस्ट्रेशन हो या ई-कॉमर्स वेबसाइट्स पर खरीददारी, अब हर तरह का डिजिटल काम गांव में बैठ कर भी आसानी से किया जा सकता है।

