RANCHI: लोहरदगा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता से एक नाबालिग बालक को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। वहीं चाइल्ड हेल्पलाइन लोहरदगा को उसे सौंप दिया गया है। 28 दिसंबर को आरपीएफ पोस्ट लोहरदगा के अधिकारी और स्टाफ स्टेशन परिसर में नियमित चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या 1 पर एक नाबालिग बच्चा अकेला बैठा हुआ मिला। संदेह होने पर आरपीएफ कर्मियों ने शालीनतापूर्वक पूछताछ की, जिसमें बच्चे ने अपना नाम निखिल कुमार साहू, उम्र 6 वर्ष बताया। उसने बताया कि वह गलती से रांची से ट्रेन संख्या 68037 में सवार हो गया था और लोहरदगा पहुंच गया।
चाइल्डलाइन को दी सूचना
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ ने तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन लोहरदगा को मोबाइल फोन के माध्यम से सूचना दी। इसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर रवि कुमार को भी अवगत कराया गया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं का पालन करते हुए बच्चे को चाइल्ड हेल्पलाइन लोहरदगा के सुपरवाइजर नितीश कुमार को सौंप दिया गया। अब उसे घर तक पहुंचाने की पहल की जाएगी।

