RANCHI: रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 18 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है। ऑपरेशन नार्कोस के तहत मंगलवार को आरपीएफ पोस्ट रांची और फ्लाइंग टीम रांची ने संयुक्त जांच अभियान चलाया था।

पोस्ट कमांडर की निगरानी में चेकिंग के दौरान ट्रेन संख्या 15027 एक्सप्रेस के आगमन के बाद प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर दो संदिग्ध यात्रियों को पकड़ा गया। पूछताछ में उनकी पहचान रोहतास के राजू कुमार और छोटी कुमारी के रूप में हुई। बैग की तलाशी लेने पर राजू कुमार के पास से 10 पैकेट तथा छोटी कुमारी के पास से 8 पैकेट गांजा बरामद हुआ। मौके पर जांच किट से परीक्षण पॉजिटिव पाया गया और वजन 18 किलो पाया गया।
दोनों आरोपी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। आरपीएफ ने गांजा, मोबाइल फोन और रेलवे टिकट जब्त कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि माल संबलपुर से लाकर सासाराम पहुंचाना था। आगे की कार्रवाई के लिए दोनों को जीआरपीए रांची को सौंप दिया गया है।

