साहिबगंज : झारखंड के साहिबगंज जिला अंतर्गत राजमहल थाना क्षेत्र के सरकंडा निवासी संटू चौरसिया के बेटों आर्यन कुमार (8) और राघव कुमार (6) का शव शुक्रवार की सुबह गंगा नदी से मिला। इस सूचना के फैलते ही गंगा नदी के तट पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। राजमहल थाना के एसएसआई सिकंदर तिर्की भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
बच्चों की मां प्रियंका देवी ने बताया कि उनका बेटा आर्यन और राघव गुरुवार को दोपहर से ही घर पर नहीं थे। कई घंटे तक जब वह घर नहीं आया तो उनकी खोजबीन शुरू कर दी गई।
काफी खोजबीन के बाद भी दोनों का कुछ पता नहीं चल रहा था। इसी बीच गांव के एक व्यक्ति ने शाम को करीब 6 बजे बताया कि गंगा नदी के तट पर बच्चों के चप्पल और कपड़े मिले हैं। इसके बाद जब वे लोग वहां पहुंचे तो देखा कि चप्पल और कपड़े उनके बेटों के ही थे। कपड़ों की पहचान के बाद थाना प्रभारी हसनैन अंसारी को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में गंगा नदी में मछली मारने के जाल से काफी खोजबीन की गई, लेकिन रात तक किसी का शव नहीं मिला।
शुक्रवार को सुबह में जब हम वहां पहुंचे तो गंगा नदी में एक बच्चे का शव उतराता हुआ देखा। शव मिलने की खबर पूरे गांव में फैली और शव देखने के लिए गंगा तट पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इसके बाद दूसरे बच्चे का शव भी गोताखोर के माध्यम से खोजा जाने लगा। कुछ देर में ही दूसरे बच्चे का शव भी मिल गया, जिसके बाद दोनों शवों को गंगा नदी से बाहर निकाला गया। शव देखते ही बच्चों के परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। मां प्रियंका देवी और नानी शव से लिपटकर रो रही थी। वे बार-बार बेहोश हो जा रही थी।

