Jamshedpur (Jharkhand) : जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने रविवार को कुल 12 करोड़ 38 लाख 60 हजार 952 रुपये की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
इस मौके पर बताया गया कि नगर विकास विभाग के मद से 1,55,75,900 रुपये की योजनाओं का उद्घाटन और 2,98,78,300 रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया गया। वहीं 15वें वित्त आयोग के तहत 7,84,06,752 रुपये की योजनाओं का उद्घाटन किया गया। यह कार्यक्रम डिमना रोड स्थित एक होटल में संपन्न हुआ।
उद्घाटन और शिलान्यास कार्य के बाद विधायक सरयू राय ने कहा कि उनका सपना है कि पुल के इस पार के बिष्टुपुर, सोनारी जैसे इलाके जिस तरह विकसित हुए हैं, उसी प्रकार पुल के उस पार के क्षेत्र भी विकास की राह पर आगे बढ़ें।
उन्होंने कहा कि मानगो में पहले पानी और बिजली की गंभीर समस्या थी। संकल्प लेकर उस समस्या को दूर किया गया। कई टंकियां बनाई गईं, बिजली आपूर्ति को मज़बूत किया गया। अब मानगो दो-दो पावरग्रिड से जुड़ चुका है और स्थिति में काफी सुधार हुआ है।
सरयू राय ने कहा कि जिस दिन हम विकास के ट्रैक पर चल पड़ेंगे, उस दिन से बदलाव साफ दिखने लगेगा। इसके लिए सभी को संकल्प लेना होगा।

