
Jamshedpur : पद्मशाली सेवा संघम, बर्मामाइंस की ओर से पहली बार सावन मेले का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी सक्रिय भागीदारी से आयोजन को यादगार बना दिया।
सावन मेले की सबसे खास बात यह रही कि कार्यक्रम के संचालन से लेकर व्यवस्थाओं तक की जिम्मेदारी मुख्य रूप से समाज की महिला सदस्यों ने संभाली। महिलाओं के उत्साह और सक्रिय सहभागिता ने आयोजन में नई ऊर्जा भर दी। यह कार्यक्रम महिला सशक्तीकरण और सामाजिक सहभागिता का सुंदर उदाहरण बना।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पद्मशाली समाज हमेशा सामाजिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। सावन मेले के आयोजन से समाज में आपसी प्रेम, एकता, सहयोग और सौहार्द की भावना और मजबूत हुई है। ऐसे कार्यक्रम समाज के लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आयोजन को सफल बनाने में संघम के अध्यक्ष वी. शंकर राव, एन. गोविंदा, के. काली शंकर सहित सभी कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं महिला सदस्यों में जी. वाणी, जी. आशा और एन. ज्योति सहित अनेक महिलाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
पद्मशाली सेवा संघम ने आयोजन की सफलता के लिए सभी महिला सदस्यों, कार्यकर्ताओं और सहयोगियों के प्रति आभार जताया। संघम ने कहा कि भविष्य में भी समाज की एकता, सहयोग और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने वाले ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाएगा।

