
Simdega : मुफस्सिल थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग के गर्भवती होने और प्रसव से जुड़े मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में नामजद 40 वर्षीय महिला को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घर के आंगन में दफन किए गए मृत शिशु का शव बरामद किया गया है। घटनास्थल से पुलिस ने एक कुदाल भी जब्त की है।
एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने सोमवार को बताया कि नाबालिग की मां ने 22 अगस्त को सदर अस्पताल में पुलिस के समक्ष बयान दर्ज कराया था। बयान में कहा गया कि करीब 10 दिन पहले उन्हें अपनी बेटी के गर्भवती होने की जानकारी मिली थी। पूछताछ के दौरान एक नाबालिग लड़के ने गर्भधारण की बात स्वीकार की थी।
पीड़िता की मां के अनुसार, लड़के की मां ने दोनों की शादी कराने की बात कही थी। आरोप है कि 19 अगस्त को खेत से लौटने के बाद किशोरी ने बताया कि लड़के की मां ने गर्भपात कराने के उद्देश्य से उसे कथित तौर पर जड़ी-बूटी की दवा खिलाई और इस संबंध में किसी को जानकारी नहीं देने को कहा।
इसके बाद किशोरी ने करीब छह माह के मृत शिशु को जन्म दिया। आरोप है कि लड़के की मां मृत शिशु को बिना किसी को सूचना दिए अपने साथ ले गई और बाद में उसे अपने घर के आंगन में दफन कर दिया।
किशोरी की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे 22 अगस्त को सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। नाबालिग की मां के बयान के आधार पर मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 21/26 दर्ज कर बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की गई।
एसपी श्रीकांत एस खोटरे के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

