जमशेदपुर/गोरखपुर : शेयर मार्केट और सोना निवेश में सुनिश्चित और मोटे मुनाफे का लालच देकर तकरीबन 6 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। जमशेदपुर के रहने वाले शशि शेखर ने गोरखपुर के SSP को लिखित शिकायत देकर इल्ज़ाम लगाया है कि कुछ लोगों ने फर्जी कंपनियां बनाकर करोड़ों रुपये हड़प लिए और अब देश भर में अपने दफ्तर बंद कर अंडर ग्राउंड हो गए हैं।शिकायत के मुताबिक, ठगी करने वालों में शामिल हैं —
• विश्वजीत श्रीवास्तव, निवासी रेल विहार फेज-1, करीमनगर, गोरखपुर• सोनू गुप्ता, निवासी विशुनपुरा, तमकुहीराज, कुशीनगर
• हरकेश, निवासी पिपराघाट, अहतमाली, तमकुहीराज, कुशीनगर
ये सभी ट्रेड आस्था इंफ्रा प्रोमोटर्स प्राइवेट लिमिटेड और वीएस ट्रु टेक्नोलॉजी नामक कंपनियों का संचालन करते थे।शशि शेखर ने बताया कि नवंबर 2023 में जमशेदपुर के उनके दो परिचित सोनी सेहगल और बिनोद कुमार ने उन्हें इन कंपनियों के संचालकों से मिलवाया था। आरोप है कि इन संचालकों ने शेयर बाजार और गोल्ड ट्रेडिंग में “निश्चित लाभ” देने का दावा किया। भरोसा बनाकर उन्होंने ऑनलाइन और नकद, दोनों माध्यमों से किस्तों में करीब 6 करोड़ रुपये निवेश कर दिए।
नवंबर 2024 तक उन्हें कुछ मुनाफा मिलता रहा, लेकिन दिसंबर 2024 के बाद भुगतान पूरी तरह रुक गया।पीड़ित का कहना है कि कई बार दबाव डालने पर फरवरी 2025 में मूल धन लौटाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन रकम नहीं मिली। गोरखपुर और लखनऊ स्थित कार्यालयों में संपर्क करने पर भी सिर्फ बहाने बनाए गए। जुलाई 2025 में कथित मुख्य आरोपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने फोन पर पैसा लौटाने की बात कही, लेकिन कुछ दिनों बाद सभी फोन बंद मिले।
जांच में यह भी सामने आया कि जमशेदपुर, लखनऊ और गोरखपुर में कंपनी के दफ्तर और ज्वेलरी शोरूम बंद कर दिए गए हैं।शशि शेखर ने दावा किया कि जमशेदपुर और झारखंड के सैकड़ों निवेशकों ने इन कंपनियों में पैसा लगाया है और अब सभी ठगी का शिकार हो चुके हैं। उन्होंने अपनी शिकायत की प्रति गोरखपुर के डीआईजी, एसएसपी और एसपी को भी भेजी है। पुलिस बड़े पैमाने पर दस्तावेजों और गतिविधियों की जांच में जुट गई है।

