Jamshedpur : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह ट्यूब कॉलोनी में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने बिरसानगर के रहने वाले विक्की लोहार उर्फ बोंडा को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी किया हुआ लगभग 15 लाख रुपए के सोने के जेवरात बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने लिखा-पढ़ी कर विक्की लोहार को जेल भेज दिया है।
19 मार्च को दर्ज कराई थी एफआईआर
रविवार को थाना प्रभारी फ़ैज़ अहमद ने बताया कि ट्यूब कॉलोनी के क्वार्टर नंबर दस के रहने वाले अभय कुमार 7 मार्च को अपने परिवार के साथ शहर से बाहर गए हुए थे। 19 मार्च को लौटे तो देखा उनके घर का ताला टूटा हुआ है। अंदर से गहने गायब थे। उन्होंने सिदगोड़ा थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी।
मुखबिरों का भी फैलाया गया था जाल
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। तकनीक का सहारा लिया गया। मुखबिरों का भी जाल फैलाया गया और पुलिस को पता चला कि घटना को विक्की लोहार ने अंजाम दिया है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने घटना को अंजाम देने की बात कबूल कर ली। उसके बाद उसके कब्जे से चोरी किया गया जेवरात बरामद किया गया।

