Home » Jamshedpur Car Fire : गैस सिलेंडर में विस्फोट से कार में लगी थी आग, मॉर्निंग वॉक पर निकले थे सीमेंट कारोबारी

Jamshedpur Car Fire : गैस सिलेंडर में विस्फोट से कार में लगी थी आग, मॉर्निंग वॉक पर निकले थे सीमेंट कारोबारी

किसी को देने के लिए कार में रखा था एलपीजी गैस सिलेंडर, सिगरेट पीने की वजह से विस्फोट की आशंका

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : जमशेदपुर के मेरीन ड्राइव पर चलती कार में आग लगने से सीमेंट कारोबारी सुनील अग्रवाल की जिंदा जल कर मौत हो गई है। सुनील अग्रवाल घर से मार्निंग वाक के लिए निकले थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस की जांच में पता चला है कि कार में ड्राइविंग सीट के बगल में एक गैस सिलेंडर रखा था। आशंका जताई जा रही है कि इस गैस सिलेंडर से गैस लीक कर रही थी। कार में मौजूद कदमा के विजया हेरीटेज निवासी सीमेंट कारोबारी सुनील अग्रवाल सिगरेट पी रहे थे। इसी के चलते कार में आग लग गई। गैस सिलेंडर विस्फोट कर गया और कार धू धू कर जलने लगी। कार लॉक होने की वजह से सुनील अग्रवाल को बचने का मौका ही नहीं मिला।
उनकी जली हुई लाश ड्राइविंग सीट पर ही मिली है। वह सीटबेल्ट तक नहीं हटा पाए। घटना के पीछे कई सवाल अब भी अनसुलझे हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि सुनील अग्रवाल रविवार की सुबह 4: 40 बजे घर से निकले थे। उन्होंने कार में एक एलपीजी गैस सिलेंडर रख लिया था। शायद यह गैस सिलेंडर उन्हें किसी को देना था। घटना के बाद परिवार के सदमे में होने की वजह से पुलिस उनसे अभी ज्यादा जानकारी नहीं जुटा पा रही है।

जेके लक्ष्मी सीमेंट के सीएनएफ एजेंट थे सुनील

जमशेदपुर के कदमा भाटिया पार्क से आगे मैरिन ड्राइव पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय सीमेंट कारोबारी सुनील अग्रवाल की मौत हो गई। वे हुंडई क्रेटा कार में सवार थे, जब अचानक उनकी कार में आग लग गई । सुनील अग्रवाल कदमा के विजया हेरीटेज अपार्टमेंट में रहते थे और जेके लक्ष्मी सीमेंट के सीएनएफ एजेंट थे। इससे पहले वे अंबुजा सीमेंट के सीएनएफ एजेंट भी रह चुके हैं।

पुलिस जांच में सामने आएंगे कई तथ्य

इस घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें कार जलती नजर आ रही है, लेकिन यह नहीं दिख रहा कि कारोबारी ने बाहर निकलने की कोशिश की हो। इससे कई सवाल उठने लगे हैं—आख़िर उन्होंने दरवाजा क्यों नहीं खोला? क्या वे बेहोश हो चुके थे या उन्हें बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला?

परिवार में छा गया मातम

सुनील अग्रवाल के बेटे मुंबई में एक बड़ी कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि बेटी अमेरिका में रहती हैं। जैसे ही परिवार को घटना की जानकारी मिली, विजया हेरीटेज सोसाइटी में मातम छा गया। जानने वालों के मुताबिक, सुनील अग्रवाल बेहद हंसमुख और मिलनसार व्यक्ति थे। शनिवार को शहर लौटे थे और रात को होटल मधुबन में अपने दोस्तों से मुलाकात की थी।

घटनास्थल के पास का नहीं मिला सीसीटीवी फुटेज

घटना को लेकर इलाके में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। सवाल उठाए जा रहे हैं कि क्या आसपास के लोगों ने बचाव के प्रयास किए थे। पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है, ताकि यह पता चल सके कि कहीं यह कोई साजिश तो नहीं थी। पुलिस को सुनील अग्रवाल के कदमा स्थित विजया हेरीटेज से निकलने का सीसीटीवी फुटेज मिला है। मगर, पुलिस को घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज अब तक नहीं मिला है। पुलिस को घटनास्थल के पास अब सीसीटीवी कैमरे नहीं मिल पाए हैं। फिलहाल प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह एक दुर्घटना ही लग रही है, लेकिन पुलिस कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती।

Read also Jamshedpur Burning Car : बर्निंग कार में युवक की दर्दनाक मौत, आग लगते ही सभी दरवाजे हो गए थे लॉक

Related Articles