जमशेदपुर : होली पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए दक्षिण-पूर्व रेलवे ने टाटानगर सहित विभिन्न स्टेशनों से संचालित टीओडी स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। विस्तारित सेवाएं पूर्व निर्धारित समय-सारिणी, ठहराव और रेक संरचना के अनुसार ही संचालित की जाएंगी।

टाटानगर से गुजरनेवाली ट्रेनें हैं महत्वपूर्ण
टाटानगर जंक्शन दक्षिण-पूर्व रेलवे का प्रमुख स्टेशन है, जहां से होली के दौरान झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और दक्षिण भारत की ओर बड़ी संख्या में यात्री यात्रा करते हैं। रेलवे के इस फैसले से त्योहार के समय घर आने-जाने वाले यात्रियों को महत्वपूर्ण राहत मिलने की उम्मीद है।
हटिया–दुर्ग स्पेशल की अवधि बढ़ी
टाटानगर के यात्रियों के लिए 08185/08186 हटिया–दुर्ग–हटिया स्पेशल ट्रेन सबसे अहम मानी जा रही है। इस ट्रेन की सेवा तीन मार्च से 31 मार्च 2026 (वापसी एक अप्रैल 2026 तक) के बीच 9 अतिरिक्त ट्रिप के साथ जारी रहेगी। यह ट्रेन टाटानगर होकर गुजरती है और छत्तीसगढ़, झारखंड तथा ओडिशा की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण कड़ी है।
शालीमार-विजयनगर स्पेशल की सेवा में भी विस्तार
इसके अलावा 08007/08008 शालीमार–विजयनगरम–शालीमार स्पेशल और 08011/08012 विजयनगरम–पुरी–विजयनगरम स्पेशल की सेवाएं भी मार्च के अंत तक बढ़ा दी गई हैं।
शालीमार-पुरी के लगेंगे पांच अतिरिक्त फेरे
पुरी रूट पर 02839/02840 शालीमार–पुरी–शालीमार स्पेशल ट्रेन को एक मार्च से 30 मार्च 2026 तक 5 अतिरिक्त फेरे के लिए विस्तारित किया गया है। इससे ओडिशा की ओर जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
पर्यटकों का भी रखा गया है ध्यान
समुद्री पर्यटन स्थल दीघा के लिए 02847/02848 और 02897/02898 संतरागाछी-दीघा-संतरागाछी स्पेशल ट्रेनों का भी विस्तार किया गया है।
इसके अतिरिक्त 02863/02864 संतरागाछी-यशवंतपुर-संतरागाछी स्पेशल तथा 02841/02842 शालीमार-चेन्नई सेंट्रल-शालीमार स्पेशल की सेवाएं मार्च के अंतिम सप्ताह तक जारी रहेंगी। 08611/08612 संतरागाछी-अजमेर-संतरागाछी स्पेशल को भी 5 अतिरिक्त ट्रिप के साथ बढ़ाया गया है।
वेटिंग लिस्ट कम होने की संभावना
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, होली के दौरान कन्फर्म टिकट की मांग में भारी वृद्धि होती है। स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ने से वेटिंग लिस्ट कम होने और यात्रियों को आरक्षित सीट मिलने की संभावना बढ़ेगी।
यात्रियों के लिए भी जारी की एडवायजरी
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व ट्रेन की अद्यतन समय-सारिणी की पुष्टि कर लें और अधिकृत माध्यमों से ही टिकट बुक करें। होली 2026 के मद्देनजर यह निर्णय टाटानगर और आसपास के जिलों के यात्रियों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।

