Jamshedpur: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में छिनतई के दौरान चाकूबाजी करने के मामले में रेलवे पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि उसका साथी अब भी फरार है।

यह घटना एक जनवरी की रात प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर खड़ी टाटा-खड़गपुर पैसेंजर ट्रेन में हुई थी। रायगढ़ निवासी यात्री संदीप कुमार मंडल से दो बदमाशों ने छिनतई का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया था। इससे यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले में रेल थाना टाटानगर में प्राथमिकी दर्ज कर स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज के आधार पर आरपीएफ उड़नदस्ता, आरपीएफ पोस्ट टाटानगर और जीआरपी की संयुक्त टीम ने रविवार रात एक संदिग्ध को स्टेशन परिसर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी बागबेड़ा निवासी राहुल उर्फ रोहित कुमार है।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, राहुल पहले भी मोबाइल चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
रेल पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं, घटना के बाद टाटानगर स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

