Home » Chaibasa Triple Murder : जमीन विवाद में एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या, हथियार और शवों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

Chaibasa Triple Murder : जमीन विवाद में एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या, हथियार और शवों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

पूछताछ करने पर दोनों युवकों ने भूमि विवाद के कारण हत्या की बात स्वीकार कर ली। उनकी ही निशानदेही पर पुलिस ने छिपाए गए तीनों शवों को बरामद किया और हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली।

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र स्थित केन्जरा टोला तारोबबुरु में भूमि विवाद को लेकर एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पुरानी रंजिश के चलते एक ही परिवार के तीन सदस्य पति, पत्नी और उनके 12 वर्षीय मासूम बेटे की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई और साक्ष्य मिटाने की नीयत से उनके शवों को छिपा दिया गया। टोंटो थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का पर्दाफाश कर दो मुख्य आरोपियों को धर दबोचा है।

साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से ठिकाने लगाए गए थे शव

घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतका की रिश्तेदार रमिया दोरायबुरु ने 26 अगस्त 2026 को टोंटो थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने शिकायत में बताया कि जमीन संबंधी विवाद के चलते उनके परिवार के तीन सदस्यों की अज्ञात हमलावरों द्वारा हत्या कर दी गई है और शवों को कहीं गायब कर दिया गया है। प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टोंटो थाना में दर्ज किया।

मृतकों का विवरण

राजिन दोरायबुरु उम्र लगभग 40 वर्ष, पिता- कांण्डे दोरायबुरु, जानो दोरायबुरु उम्र लगभग 38 वर्ष, पति- राजिन दोरायबुरु और कांण्डे दोरायबुरु उम्र लगभग 12 वर्ष पिता- राजिन दोरायबुरु। सभी मृतक ग्राम केन्जरा टोला तारोबबुरु, थाना टोंटो निवासी है।

पुलिस की विशेष टीम ने बिछाया जाल, दो गिरफ्तार

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एसडीपीओ जगन्नाथपुर के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने केन्जरा टोला तारोबबुरु गांव में दबिश देकर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

बोंज दोरायबुरु उम्र लगभग 19 वर्ष, पिता- महती दोरायबुरु और मुचिया दोरायबुरु उम्र लगभग 20 वर्ष, पिता- मुन्दुआ दोरायबुरु

आरोपियों की निशानदेही पर मिला खून से सना कुल्हाड़ी

पुलिस के द्वारा की गई सख्ती से पूछताछ में दोनों युवकों ने भूमि विवाद के कारण हत्या की बात स्वीकार कर ली। उनकी ही निशानदेही पर पुलिस ने छिपाए गए तीनों शवों को बरामद किया और हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली।

छापेमारी टीम में शामिल पुलिस बल

इस त्वरित सफलता को हासिल करने वाली टीम में झींकपानी अंचल के पुलिस निरीक्षक प्रेमचन्द्र भगत, टोंटो थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक धन्नजय सिंह, पु.अ.नि. रणधीर कुमार, पु.अ.नि. विजय कुजूर तथा टोंटो थाना का रिजर्व गार्ड बल शामिल था। पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रही है।

Read Also Chaibasa News : पश्चिमी सिंहभूम जिले के 13 अनुसेवी किए गए इधर- उधर, 16 का प्रशासनिक दृष्टिकोण से स्थानांतरण

Related Articles

Leave a Comment